दिल्ली में झुग्गी में लगी आग, 7 की मौत
5 Dariya News
नई दिल्ली 12-Mar-2022
राष्ट्रीय राजधानी के गोकलपुरी गांव में भीषण आग लगने से एक 11 साल के बच्चे समेत 7 लोगों की जलकर मौत हो गई। यह जानकारी एक अधिकारी ने शनिवार को दी। अधिकारी ने बताया कि उन्हें उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी गांव के पिलर नंबर 12 के पास आग लगने की घटना के बारे में एक कॉल आया, जिसके बाद 13 दमकल गाड़ियों को तुरंत सेवा में लगाया गया। दिल्ली दमकल सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने आईएएनएस को बताया, "झोपड़ियों से सात जले हुए शव बरामद किए गए हैं। आग लगभग 60 से ज्यादा झोपड़ियों में लगी थी।" आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और तड़के करीब 3.45 बजे चार घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) देवेश कुमार महला ने ब्योरा देते हुए कहा कि उन्हें गोकलपुरी थाने में रात करीब 12 बजे आग लगने की घटना की सूचना मिली। उन्होंने कहा, "पुलिस तुरंत सभी बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। हमने दमकल विभाग से भी संपर्क किया, जिसने बहुत अच्छी प्रतिक्रिया दी और उनकी मदद से हम सुबह 4 बजे तक आग पर काबू पाने में सफल रहे।" उन्होंने आगे कहा कि इस घटना में कम से कम 30 झुग्गियां उनके सामान के साथ जलकर राख हो गई और सात लोगों की जान चली गई। इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, "सुबह-सुबह दुखद समाचार सुना। मैं मौके पर जाकर व्यक्तिगत रूप से प्रभावित लोगों से मिलूंगा।" ये 2022 में अब तक की सबसे बड़ी घटना है, जो बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में एक प्लास्टिक कारखाने में आग लगने के चार दिन बाद आई है। तब किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी।