5 Dariya News

भाजपा के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा : मुख्तार अब्बास नकवी

5 Dariya News

नई दिल्ली 10-Mar-2022

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने गुरुवार को कहा कि देश के पांच राज्यों में हुये विधानसभा चुनाव के नतीजे यह बताते हैं कि भारतीय जनता पार्टी के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। नकवी ने विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के प्रदर्शन पर आईएएनएस से चर्चा करते हुये कहा कि यह परिणाम ही नयी तरह की राजनीति का सबूत देता है। यह राजनीति विकास के मॉडल पर आधारित है और इसकी अगुवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लायी गयी विकास की संस्कृति ने ही जमीनी स्तर पर परिणाम दिखाये हैं। चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन के बारे में पूछे गये सवाल पर नकवी ने कहा कि कांग्रेस को परिवार की ओर उन्मुख राजनीति से निकलना होगा। सभी भाजपा को रोकने के लिये चुनाव लड़ रहे थे लेकिन जनता ने भाजपा को आशीर्वाद देने का निर्णय लिया और यह चुनावी रुझान में दिखता है। ताजा रुझान के मुताबिक उत्तर प्रदेश की 17 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है और वह अन्य 235 सीटों पर आगे चल रही है जबकि समाजवादी पार्टी 116 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस दो और बहुजन समाज पार्टी एक सीट पर आगे है।