5 Dariya News

भाजपा कार्यकर्ताओं की सेवा के लिए समर्पण की ऊर्जा देने की नड्डा ने की महाकाल से कामना

5 Dariya News

इंदौर/उज्जैन 08-Mar-2022

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को एक दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास पर आए। इस दौरान उन्होंने इंदौर, देवास और उज्जैन के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उज्जैन में महाकाल की पूजा कर पार्टी के कार्यकर्ताओं में सेवा के लिए समर्पण की ऊर्जा देने की कामना की। नड्डा पत्नी के साथ विमान से इंदौर पहुंचे, विमानतल पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित पार्टी नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ अगवानी की। भाजपाध्यक्ष नड्डा इंदौर से प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के साथ भगवान महाकाल के दर्शन करने सड़क मार्ग से उज्जैन रवाना हुए। जहां यात्रा मार्ग पर कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मंच बनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।

नड्डा ने महाकाल के लिए दर्शन-पूजन किया। दर्शन के पश्चात उन्होंने स्थानीय सर्ट हाउस पर जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज महाकाल के दर्शन कर अभिभूत हूं। आज अल्प समय के लिए आपके बीच आना हुआ अगली बार जब भी आऊंगा आप सभी कार्यकर्ताओं से चर्चा करूंगा। उन्होंने कहा, बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि सभी मंगलमय रहें और विकास की ओर आगे बढ़ें। बाबा महाकाल भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता को ऊर्जा दें ताकि मानवता की सेवा में अपने आपको समर्पित कर सकें और एक अच्छे माध्यम के रूप में समाज के काम आएं।