5 Dariya News

भगवंत मान ने भदौड़ से उम्मीदवार लाभ सिंह उगोके के लिए किया प्रचार

भदौड़ से कांग्रेस का करोड़पति गरीब उम्मीदवार चुनाव लड़ रहा है,पर भदौड़ वासी अपने बेटे लाभ सिंह उगोके को ही जिताएंगे : भगवंत मान

5 Dariya News

भदौड़ (बरनाला) 15-Feb-2022

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और सांसद भगवंत मान ने पंजाब के चर्चित विधानसभा हलका भदौड़ में पार्टी उम्मीदवार लाभ सिंह उगोके के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। मान ने लोगों से अपील की कि,'' आम आदमी पार्टी ने आम परिवार के बेटे लाभ सिंह उगोके को भदौड़ से चुनावी मैदान में उतारा है, जिसके खिलाफ कांग्रेस का करोड़पति गरीब उम्मीदवार मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चुनाव लड़ रहा है। लेकिन मुझे विश्वास है कि भदौड़ वासी अपने बेटे लाभ सिंह उगोके को ही जिताएंगे।''मंगलवार को भगवंत मान ने पार्टी के उम्मीदवार लाभ सिंह उगोके के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए क्षेत्र के कई इलाकों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। मान ने कहा कि,'' भदौड़ विधानसभा हलके पर दुनिया की नजर है। भदौड़ क्रांतिकारियों की धरती है, यहां बलवंत गार्गी जैसे महारथियों ने जन्म लिया है। 20 फरवरी को भदौड़ वासियों ने लाभ सिंह उगोके को जिताकर क्रांति लानी है। भदौड़ के लोग लाभ सिंह उगोके को ही अपना वोट देंगे, लेकिन लाभ भगवंत मान को होगा।'' 

मान ने कहा कि वह चन्नी द्ज की जायदाद बदलने की पेशकश को स्वीकार करते हैं,लेकिन चन्नी के साथ साथ उनके भानजे की जायदाद की भी बदली होनी चाहिए,जिसके घर से ईडी ने 10-10 करोड़ रुपए  बरामद किए हैं।भगवंत ने लोगों से अपील की कि 20 फरवरी को पंजाब में नया इतिहास रचने का मौका है। अकाली दल,भाजपा और कांग्रेस के नेता बारी बारी से पंजाब को लूटते आ रहे हैं। इन सभी पारंपरिक पार्टियों की गलत नीतियों और अमीर होने की लालसा के कारण आज पंजाब 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक का कर्जदार है। मान ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान पंजाब में हर जगह लोग फूल बरसाकर,सेल्फियां लेकर अपना प्यार बरसा रहे हैं,जबकि अकाली दल,कांग्रेस और भाजपा के नेताओं से हाथ मिलाकर लोग अपनी उंगलियां गिनते हैं।मान ने लोगों से अपील की कि 20 फरवरी पारंपरिक पार्टियों कांग्रेस,अकाली दल और भाजपा के खिलाफ 70 साल के गुस्से को शांत करने का दिन है और उनके पास पंजाब की सरकार बदलने की सुनहरा मौका है। इसलिए सभी मतदाता अपना कीमती वोट झाड़ू को दें और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार लाभ सिंह उगोके को जिताएं। ताकि पंजाब में ईमानदार सरकार बन सके। इस मौके पर लाभ सिंह उगोके ने अपने संबोधन में कहा कि हम पंजाब को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसलिए आप के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान जो भी आदेश देंगे,उसे पूरा किया जाएगा।