5 Dariya News

गरीबों और जरूरतमंदों को नजरअंदाज करके अमीरों को फायदा दे रही मोदी सरकार : अर्जुन मोढवाडिया

5 Dariya News

चंडीगढ़ 08-Feb-2022

गुजरात कांग्रेस के पूर्व प्रधान व कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अर्जुन मोढवाडिया ने भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर अपने चहेते अमीरों को फायदा देने व गरीबों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। वह पंजाब कांग्रेस के इंचार्ज मीडिया व कम्युनिकेशन पवन खेड़ा के साथ चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार से पहले भारत के 4 अरबपति एशिया के सबसे पीछे थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा कांग्रेस को देश की गरीब जनता की आवाज लोकसभा और राज्यसभा में उठाने नहीं देती। खास तौर पर उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान प्रवासी मजदूरों के पलायन के दुख को साझा किया। उन्होंने रोष जताया कि प्रधानमंत्री आपदा के दौरान प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंदों की आवश्यकता का ध्यान रखने की बजाय अहमदाबाद में नमस्ते ट्रंप की तैयारी कर रहे थे जिन्होंने ना तो प्रवासी मजदूरों को उनके घर भेजने के लिए ट्रेन का प्रबंध किया और ना ही इस दौरान दवाओं और ऑक्सीजन की कमी को समय पर पूरा किया।

अर्जुन मोढवाडिया ने बताया कि कांग्रेस की राजस्थान और पंजाब की सरकारों ने प्रवासियों के लिए रेल के किराए दिए। इस तरह प्रधानमंत्री को युवाओं और गरीबों की चिंता नहीं है। वह सिर्फ अपनी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार से पहले पंजाब को करप्शन का घर कहा जाता था, जो अब गुजरात को कहा जाता है। इस दौरान उन्होंने काले खेती कानूनों की वापसी के लिए संघर्ष कर रहे किसानों के आंदोलन को 1 साल लटकाकर अपना फैसला बदलने वाली केंद्र सरकार की निंदा की, जिस दौरान कई मासूम जाने गईं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के पंजाब के लिए मुख्यमंत्री के चेहरे भगवंत मान पर भी चुटकी ली।प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि चुनाव के वक्त भाजपा की केंद्रीय एजेंसियां सक्रिय हो जाती हैं और विपक्षी पार्टियों के नेताओं को निशाना बनाने लगती हैं। जबकि पार्टी के कुछ नेताओं के दूसरे दलों में जाने को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव के वक्त कई नेता आते और जाते रहते हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ को लेकर उन्होंने कहा कि जाखड़ ने चरणजीत चन्नी को सीएम चेहरा बनाए जाने को लेकर राहुल गांधी का धन्यवाद किया था। उन्होंने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लेकर एक सवाल में कहा कि वह अपना चुनाव हार चुके हैं। जबकि पार्टी मेनिफेस्टो को लेकर उन्होंने कहा कि यह जल्दी आएगा और इसमें पंजाब कांग्रेस  के अध्यक्ष सरदार नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब मॉडल की भी झलक मिलेगी।