भाजपा उम्मीदवार संजीव वशिष्ट ने कालोनियों में किया चुनाव प्रचार, महिलाओं के साथ जमीन पर बैठ सुनी समस्याएं
5 Dariya News
मोहाली 02-Feb-2022
मोहाली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार संजीव वशिष्ट ने बुधवार को बड़ माजरा कॉलोनी तथा झुझार नगर कॉलोनी में अपना चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने लोगों के पास घर घर जाकर भारतीय जनता पार्टी तथा केंद्र के मोदी सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में लोगों को अवगत करवाया। साथ ही लोगों को यह बताया गया कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार होने के चलते मोदी सरकार की सुविधाएं यहां पर लागू नहीं होने दी गई और लोगों को उन बेहतर सुविधाओं से वंचित रखा गया। इसके अलावा संजीव वशिष्ट द्वारा बड़ माजरा कॉलोनी में महिलाओं के साथ जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनी और उन्हें पंजाब में भाजपा की सरकार आने पर तुरंत प्रभाव पर हल करवाने का भी आश्वासन दिया। चुनाव प्रचार के दौरान संजीव वशिष्ट ने यहां पर एक डेरे में भी माथा टेका और यहां के साधू बाबा राम लाल का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
उसके बाद वशिष्ठ जुझार नगर कॉलोनी में अपना चुनाव प्रचार करने गए। यहां पर भी कालोनी के लोगों ने उनका दिल खोलकर स्वागत किया। के दौरान लोगों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि वह पिछले लंबे समय से झुग्गियों में रह रहे हैं, लेकिन आज तक किसी भी सरकार द्वारा उन्हें जमीन अलॉट नहीं की गई है। जिसका जवाब देते हुए वशिष्ठ ने कहा अब तक लोगों ने कई सारी राजनीतिक पार्टियों को मौका दिया। लेकिन यह बात आपके सामने है कि इन राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव जीतने के बाद केवल अपना ही फायदा किया है जबकि लोगों के बारे में कुछ नहीं सोचा है। उन्होंने कहा कि एक बार भारतीय जनता पार्टी को अपने कीमती वोट देकर लोग जिता कर भेजें। उसके बाद झुग्गियों में रहने वाले लोगों को जमीन भी दी जाएगी और मकान भी दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर लोग अपना वोट दो सौ या पांच सौ में ही बेचते रहेंगे तो इस प्रकार की समस्याएं कभी हल नहीं हो सकते हैं। इसलिए अगर लोगों को अपना भविष्य तथा अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना है तो पंजाब में भी मोदी सरकार लानी होगी। चुनाव प्रचार के दौरान बहलोलपुर के सोनू राणा, रूप राणा, कुलदीप राणा तथा अन्य मौजूद रहे।