5 Dariya News

धूरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे 'आप' के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान

भगवंत मान रिकॉर्ड तोड़ वोटों से चुनाव जीतेंगे और पंजाब में 'आप' की सरकार बनाएंगे - राघव चड्ढा

5 Dariya News

चंडीगढ़ 20-Jan-2022

आम आदमी पार्टी(आप) ने पंजाब में 2022 विधानसभा चुनाव के लिए अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान को धूरी विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है। गुरुवार को आप पंजाब के सह प्रभारी राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की। चड्ढा ने कहा कि भगवंत मान धूरी से रिकॉर्ड तोड़ वोटों से जीत दर्ज करेंगे और पंजाब का अगला मुख्यमंत्री बनेंगे। पंजाब के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की जोड़ी एक और एक ग्यारह साबित होगी।मीडिया को संबोधित करते हुए चड्ढा ने कहा की पंजाब की जनता के लिए भगवंत मान प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की उम्मीद हैं,क्योंकि वे  आम आदमी के दुख दर्द को अच्छी तरह समझते हैं और साथ निभाते हैं। उनके दिल में पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के लिए प्यार है। चड्ढा ने कहा कि भगवंत मान धूरी से रिकॉर्ड तोड़ वोटों से जीत दर्ज करेंगे और पंजाब का अगला मुख्यमंत्री बनेंगे। पंजाब के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की जोड़ी एक और एक ग्यारह साबित होगी।चड्ढा ने कहा कि धूरी हल्का भगवंत मान के गृह जिले संगरूर में पड़ता है। संगरूर के लोगों ने भगवंत मान को दो बार 2014 और 2019 में सांसद बनाया और आम आदमी पार्टी को पंजाब में मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। वहां के लोगों की इच्छा है कि मान संगरूर के ही किसी क्षेत्र से चुनाव लड़े। इसीलिए आम आदमी पार्टी बेहद खुशी और सर्वसम्मति के साथ भगवंत मान को धूरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है।

उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में अपने मुख्यमंत्री  चेहरे को चुनने के लिए एक जनमत संग्रह कराया था। जिसमें 93 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने भगवंत मान को सीएम के रूप में चुना था। लोगों की मिली राय के अनुसार आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान को पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया और बताया था कि आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा ही पंजाब का अगला मुख्यमंत्री बनेगा।चड्ढा ने कहा कि पंजाब में सिर्फ आम आदमी पार्टी ही मुख्यमंत्री चेहरे के साथ चुनाव में उतरी है। आज पूरा पंजाब बदलाव चाह रहा है। भ्रष्टाचार और माफिया को खत्म करने के लिए एवं पंजाब को आगे ले जाने के लिए लोग एक मौका आम आदमी पार्टी और भगवंत मान को देना चाह रहे हैं। हमें पूरा भरोसा है कि भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी पंजाब में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और पंजाब को फिर से तरक्की की राह पर ले जाएगी।चड्ढा ने कहा कि आज भगवंत मान पंजाब के किसी भी क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे तो निश्चित तौर पर जीतेंगे क्योंकि पंजाब के लोग मान को दिल से प्यार करते हैं और पसंद करते हैं। लोग अब उनको मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी ने आज केवल अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार के हल्के का ऐलान नहीं किया है बल्कि पंजाब के अगले मुख्यमंत्री के हल्के का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में 20 साल अकाली दल और 25 साल कांग्रेस की सरकार रही। दोनों पार्टियों की सरकारों ने पंजाब में माफिया राज चलाया और राज्य को पीछे धकेल दिया। अब पंजाब के लोग राज्य की खुशहाली समृद्धि और शांति के लिए एक मौका अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को देना चाहते हैं।