किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न आने दें-उपायुक्त
घरौण्डा की अनाज मंडी का दौरा किया उपायुक्त करनाल ने
5 दरिया न्यूज (प्रवीण कौशिक)
घरौण्डा 18-Apr-2014
उपायुक्त बलराज सिंह ने आज जिला की करनाल व घरौण्डा की अनाज मंडियों का दौरा कर गेंहू खरीद कार्य का जायजा लिया तथा किसानों व आढ़तियों की समस्याएं सुनी। इस मौके पर उपायुक्त ने सरकारी खरीद एजेंसियों को हिदायत दी कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न आने दी और उनकी फसल को खरीदने में कोताही न बरते। उपायुक्त ने दौरे के दौरान सबसे पहले करनाल अनाज मंडी का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स त निर्देश दिये कि मंडी में अपनी फसल लाने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो,इसके पूरे प्रबंध किये जाए। मंडी में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें। मंडी में आने के बाद किसानों की फसल का रख रखाव मंडी प्रशासन का बनता है। किसानों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न हो,इसका भी ध्यान रखें। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त को किसानों ने बताया कि पुर्वा हवा के कारण गेंहू में थोड़ी नमी है,जैसे ही मौसम साफ हो जाएगा तो यह नमी भी दूर हो जाएगी। उपायुक्त ने किसानों को कहा कि उनकी फसल को खरीदने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है।
किसानों को चाहिए कि वे अपनी फसल को साफ-सुथरी व नमीरहित ले कर लाए। आढ़तियों ने उपायुक्त को गेंहू खरीद की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार की तरफ से कोई भी खरीद में दिक्कत नहीं है। ठेकेदार कुछ मनमानी करते है। इस पर उपायुक्त ने आढ़तियों को आश्वासन दिया कि गेंहू खरीद के दौरान किसी भी ठेकेदारों को मनमानी करने की अनुमति नहीं है। यदि कोई ठेकेदार मनमानी करता है तो उसके खिलाफ स त कार्यवाही की जाएगी।उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान घरौण्डा मंडी में पहुंचकर आढ़तियों से बातचीत की। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान ने बताया कि इस बारिश से गेंहू की फसल में कोई दिक्कत नहीं है। मंडी में आई गेंहू को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। बेमौसमी बारिश के कारण किसानों को फसल की कटाई में रूकावट जरूर आई है। मंडी में गेंहू की तुलाई व ढुलाई तुरंत की जाती है। उन्होंने उपायुक्त के सामने मंडी में अतिरिक्त शौचालय बनवाने की मांग रखी। इस पर उपायुक्त ने शीघ्र उपमंडलाधीश करनाल सुशील सारवान को निर्देश दिये कि वे तुरंत उचित स्थान पर किसानों की सुविधा के लिए मंडी में शौचालय बनवाए जाए। इस मौके पर उपमंडलाधीश सुशील सारवान, डीएफएससी मोनिका मलिक,करनाल मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान रजनीश चौधरी व महेन्द्र गर्ग,तहसीलदार घरौण्डा निर्मला दहिया भी उपस्थित थे।