महबूबा ने सरपंच की हत्या का आरोप एनसी पर मढ़ा
5 दरिया न्यूज
श्रीनगर 18-Apr-2014
जम्मू एवं कश्मीर में विपक्षी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने दक्षिणी पुलवामा जिले में गुरुवार की रात हुई पीडीपी सरपंच की हत्या के लिए शुक्रवार को सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस (एनसी) को जिम्मेदार ठहराया। राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार को मीडिया से मुखातिब महबूबा मुफ्ती ने कहा, "कल (गुरुवार) को दोपहर 2.30 बजे फारुख अब्दुल्ला ने एक बयान में कहा था कि उनके पास बम और बंदूकें हैं, वह पीडीपी नेताओं को निशाना बना सकते हैं क्योंकि उन्हें कड़ा सबक सिखाने की जरूरत है।"उन्होंने आगे कहा, "उसी रात 11.30 बजे पुलवामा जिले के गुलजारपुरा में पीडीपी सरपंच की हत्या हुई। यह एक उदाहरण है। कुछ दिन पहले फारुख अब्दुल्ला ने पीडीपी पर 1996 से एनसी कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप लगया था।"
पुलिस ने बताया कि अलगाववादी आतंकवादियों ने गुलजारपुरा (अवंतीपुरा) में सरपंच मुहम्मद अमीन पंडित को उनके घर के बाहर गोली मार दी। मुफ्ती ने कहा, "हम असहाय होकर निर्वाचन आयोग की ओर देख रहे हैं क्योंकि आयोग देश के किसी भी हिस्से में भड़काऊ बयानों पर नोटिस दे रहा है चाहे वह अमित शाह हों, या आजम खां। लेकिन जब बात जम्मू एवं कश्मीर की आती है, तो हम उन्हें बार-बार लिख रहे हैं कि एनसी भड़काऊ बयान दे रही है।"उन्होंने कहा, "लेकिन हमें लगता है कि निर्वाचन आयोग जम्मू एवं कश्मीर को लेकर गंभीर नहीं है।"कश्मीर की अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहीं मुफ्ती ने कहा, वह निर्वाचन आयोग से फिर से निवेदन करती हैं कि वह इन शिकायतों पर कर्रवाई करे।