5 Dariya News

चंडीगढ़ को कलस्टर में बांटकर किया जाएगा विकास, मैं करूंगा मॉनिटर : नित्यानंद

गृह राज्य मंत्री ने शहर में किया जनसभाओं को संबोधित

5 Dariya News

चंडीगढ़ 19-Dec-2021

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि चंडीगढ़ शहर में दो से तीन वार्डों का एक कलस्टर बनाकर विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी। इन विकास योजनाओं का लाभ सभी शहर वासियों को मिले इसके लिए मैं खुद यहां आकर समय-समय पर मॉनिटर करूंगा।नित्यानंद राय आज वार्ड नंबर 19 से पार्टी प्रत्याशी योगिता विक्की शेरा के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहर की लाल डोरा समस्या को उन्होंने समझ लिया है। इसका तय समय सीमा के भीतर समाधान किया जाएगा। इसके लिए बहुत जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी।

नित्यानंद ने कहा कि चंडीगढ़ के प्रशासनिक ढांचे को पब्लिक फ्रैंडली बनाया जाएगा और अधिकारियों पर नकेल कसी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के उचित कार्यों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इस अवसर पर बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष अरूण सूद ने कहा कि भाजपा यह चुनाव विकास के नाम पर लड़ रही है। विरोधी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी पूरे चुनाव प्रचार के दौरान एक भी उपलब्धि नहीं गिनवा सके हैं। हालात यह हैं कि विपक्ष के लोग अपने पुराने कार्यकाल की उपलब्धियां भी नहीं बता पा रहे हैं। आज उनके पास जनता को बताने के लिए न तो कोई उपलब्धि है और न ही कोई भविष्य का रोड मैप है। इस अवसर पर पार्षद एवं धानक समाज की अध्यक्ष शीला फूल सिंह, शीशपाल गर्ग, अमित जिंदल समेत कई गणमान्य मौजूद थे।