पंचायती जमीनों के केस को दोबार कोर्ट में डाला जायेगा : डीसी
5 दरिया न्यूज (अरूण मित्तल)
पानीपत 17-Apr-2014
जिला में जहां जहां पंचायती भूमि में परिवर्तन कर गिरदावरी की गई है और लोगों ने पंचायती भूमि की गिरदावरी अपने नाम करवा ली है , वहां के गावों के केसों को दोबारा कोर्ट में डाला जाएगा। इसके लिए पंचायतों को संबंधित तहसील में दोबारा केस डालना होगा और इन केसों का फैसला भी तहसीलदार को एक माह में करना होगा। यह दिशा निर्देश उपायुक्त अजीत बालाजी जोशी ने मतलौडा के राजीव गांधी सेवा केन्द्र परिसर में बनाई गई सब तहसील में उपस्थित मतलौडा खंड के विभिन्न गांवों के सरपंचों को संबोधित करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि गांव के अन्दर अवैध कब्जों को हटावाने के लिए पूरा कार्यक्रम बनाया जाएगा और पुलिस के साथ साथ सीआरपीएफ की तैनाती भी की जाएगी। एसडीएम,डीआरओ आदि की सम्बंधित अदालतों में जितने भी पंचायती केस लम्बित हैं, उन्हे पूरा करवाने के लिए समय अवधि निश्चित की जाएगी। उन्होने सभी सरपंचों का आश्वासन दिया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत खाली पड़ी पंचायती जमीनों की बोली करवाई जाएगी। उपायुक्त ने डीआरओ को निर्देश दिए की जिला में जितनी भी शामलात भूमि है उसके लिए विशेष तरह का साफ्टवेयर लाकर इसके डाटा को पूरी तरह से लाक किया जाएगा, ताकि सम्बंधित गिरदावरी को बदला ना जा सके। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी कानूनगो या पटवारी के साथ साथ तहसीलदार इस कार्य में संल्पित पाया गया या उसकी कोई मिलीभगत हुई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। पंचायत विभाग के एलओ राजेश दुग्गल ने डीसी अजीत बालाजी जोशी को बताया कि वे शामलात भूमि बारे कानूनी स्थिति जानने के लिए सभी बीडीपीओ को कई बार पत्र लिख चुके हंै लेकिन इस बारे कोई भी अधिकारी समन्व्य स्थापित नहीं करता और पैनल पर लिए गए अधिवक्ताओं के माध्यम से ही केसों की सुनवाई प्रक्रिया में पक्ष रखा जाता है। उपायुक्त ने कहा कि अगर पैनल में लिया गया कोई भी अधिवक्ता अच्छा काम नहीं कर रहा है तो पैनल से हटाया जाए। इसके साथ साथ उन्होंने बैठक में उपस्थित डीडीपीओ को यह बात सम्बंधित बीडीपीओ की एसीआर में अपनी टिप्पणी के साथ दर्ज करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि वे खुद अब तक अपनी कोर्ट में करीब दो महिने के अंतराल में 110 केसों का निपटारा कर चुके हैं। दूसरी कोर्टो में भी उन्हे यही गति चाहिए अगर इसमें कोई भी ढिलाई बरती गई तो कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। इससे पूर्व, उपायुक्त अजीत बाला जी जोशी ने सब तहसील का मौका मुआयना कर परिसर में पौधा रौपण भी किया। इस मौके पर समिति चेयरमैन अनिल गोयल,नायब तहसीलदार गुरूदेव सिंह, बीडीपीओ रीतू लाठर, सरपंच अशोक देशवाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।