कांग्रेस चंडीगढ़ की मुजरिम, केजरीवाल झूठे सपनों के सौदागर : अरूण सूद
भाजपा जिन्हें लागू कर चुकी उन्हें ही घोषणा पत्रों में शामिल कर रहे विरोधी
5 Dariya News
चंडीगढ़ 17-Dec-2021
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अरूण सूद ने कांग्रेस व आम आदमी पार्टी द्वारा जारी किए गए चुनावी घोषणा पत्रों को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए कहा है कि चंडीगढ़ को कूड़े के ढेर देने वाली कांग्रेस जहां शहर वासियों की मुजरिम है वहीं आम आदमी पार्टी झूठे सपने दिखाकर शहर वासियों को गुमराह कर रही है।अरूण सूद आज यहां पार्टी कार्यालय में विपक्षी राजनीतिक दलों द्वारा जारी घोषणा पत्रों पर बोल रहे थे। इस अवसर पर भाजपा के कार्यालय सचिव दीपक मल्होत्रा तथा पार्टी प्रवक्ता कैलाश जैन भी मौजूद थे।सूद ने कहा कि दोनों राजनीतिक दलों ने घोषणा पत्र बनाने से पहले एक बार भी चंडीगढ़ का दौरा नहीं किया है। अगर वह शहर में निकलते तो उन्हें वास्तविकता पता चलती। भाजपा अध्यक्ष ने सभी 35 सीटों पर चुनाव जीतने का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस व आप में चंडीगढ़ वासियों को मुफ्त सुविधाएं देने की होड़ लगी हुई है जबकि कर अदा करने वाले इस शहर के लोग मुफ्त की बजाए व्यवस्थित सुविधाएं चाहते हैं। जो भी राजनीतिक दल शहर वासियों को मुफ्त देने की बात कर रहे हैं वह लोगों को गुमराह कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि विरोधी राजनीतिक दल 24 घंटे पेयजल आपूर्ति का दावा कर रहे हैं जबकि भाजपा इसे पहले ही लागू कर चुकी है। दोनों राजनीतिक दलों ने एक बार भी यह नहीं बताया कि जिन झूठी घोषणाओं को उन्होंने अपने घोषणा पत्रों में शामिल किया है उन्हें लागू कैसे करेंगे।
अरूण सूद ने कहा कि साइकिल ट्रैक बनाने का दावा करने वाले राजनीतिक दल यह नहीं जानते कि चंडीगढ़ में पहले ही साइकिल ट्रैक बन चुके हैं और शहर में 2200 सीसीटीवी लगाए जा चुके हैं। शहर की अंदरूनी सडक़ों पर सीसीटीवी लगाने की योजना पर काम शुरू हो चुका है। इसके बावजूद शहर वासियों को गुमराह करते हुए विरोधी दल सीसीटीवी लगाने की बात कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि दस रुपये भोजन के लिए इंदिरा रसोई चलाने का दावा करने वाली कांग्रेस भूल रही है कि भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकाल में अक्षय पात्र अन्नपूर्णा योजना लागू कर चुकी है। जिसका शहर के हजारों लोगों को लाभ मिल रहा है। जन औषधि केंद्र चंडीगढ़ में पहले ही खुल चुके हैं। चंडीगढ़ को देश के नंबर वन सोलर सिटी का दर्जा भाजपा के कार्यकाल में मिल चुका है। इसके बावजूद किस शहर को सोलर सिटी बनाए जाने की बात की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस व आप नेताओं को चंडीगढ़ के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि शहर में समुदायिक केंद्रों की बुकिंग पहले ही सिंगल विंडो के माध्यम से हो रही है।
कांग्रेसी अपना रिपोर्ट कार्ड जनता को बताएं
भाजपा अध्यक्ष अरूण सूद ने कहा कि चंडीगढ़ में 14 साल तक कांग्रेस का मेयर रहा। 15 साल तक सांसद रहा। कांग्रेस के सांसद दस साल तक मंत्री रहे। इस अवधि के दौरान उन्होंने शहर में कूड़े का ढेर बनवाने के लिए एक सीमेंट कंपनी को ठेका देने के अलावा दूसरा कोई काम नहीं किया। सूद ने कहा कि जिस तरह से भाजपा ने अपने कार्यकाल में करवाए विकास कार्यों पर रिपोर्ट कार्ड जारी किया है कांग्रेस भी वैसा ही रिपोर्ट कार्ड लेकर आए।