5 Dariya News

चंडीगढ़ के विकास में पूर्वांचल समाज की भूमिका अहम : मनोज तिवारी

भोजपुरी स्टार ने शहर में आधा दर्जन जनसभाओं को किया संबोधित

5 Dariya News

चंडीगढ़ 16-Dec-2021

दिल्ली से भाजपा सांसद एवं भोजपुरी के सुपर स्टार मनोज तिवारी का कहना है कि चंडीगढ़ के विकास में पूर्वांचल समाज की भूमिका सबसे अहम है। पूर्वांचल के लोगों ने अपनी मेहनत के दम पर यहां अलग पहचान बनाई है। मनोज तिवारी आज निगम चुनाव में उतरे भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।तिवारी ने आज वार्ड नंबर सात से पार्टी प्रत्याशी मनोज सोनकर के समर्थन में विकास नगर सब्जी मंडी, वार्ड नंबर चार से पार्टी प्रत्याशी सविता गुप्ता के समर्थन में इंदिरा कालोनी, वार्ड नंबर बीस से प्रत्याशी देवी सिंह के समर्थन में हल्लोमाजरा, वार्ड नंबर 31 से पार्टी प्रत्याशी भारत कुमार के समर्थन में आदर्श कालोनी, वार्ड नंबर 28 से पार्टी प्रत्याशी जसविंदर कौर के समर्थन में मलोया तथा वार्ड नंबर 15 से पार्टी प्रत्याशी गोपाल शुक्ला उर्फ पप्पू शुक्ला के समर्थन में ईडब्ल्यूएस कालोनी धनास सब्जीमंडी ग्रांउड के निकट जनसभा को संबोधित किया।

मनोज तिवारी ने कहा कि पूर्वांचल के लोग जहां भी जाते हैं वहां अपनी मेहनत के बल पर मुकाम हासिल करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो पूर्वांचल के लोगों को सबसे अधिक सम्मान देती है।उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ शहर पूर्वांचलियों के बलबूते पर ही बना है। शहर की बड़ी-बड़ी इमारतों के बनाने में पूर्वांचलियों की मेहनत का पसीना बहा है। सही मायने में चंडीगढ़ की नींव पूर्वांचली ही हैं।दिल्ली के सांसद ने ज्यादातर जनसभाओं के दौरान भोजपुरी में संवाद करते हुए मतदाताओं को अपील की कि वह भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को चुनाव जिताने का काम करें। उन्होंने कहा कि आज विरोधियों के पास चंडीगढ़ में गिनवाने के लिए कोई विकास परियोजना नहीं है क्योंकि उनके राज में केवल घोटाले हुए हैं। भाजपा के प्रत्याशी पिछले पांच साल में हुए विकास कार्यों के बल पर जनता के बीच जा रहे हैं और विरोधी आज वोट मांगने के लायक भी नहीं रहे। इस अवसर पर पार्टी नेता हरीशंकर मिश्रा, वार्ड अध्यक्ष अरविंद सिंह, अमित बिरला, विनोद कुमार चौहान, ललित चौहान, राहुल द्विवेदी समेत कई गणमान्य मौजूद थे।