5 Dariya News

घाघरा नदी में नाव पलटने से 10 लोगों के डूबने की आशंका

5 Dariya News

लखीमपुर खीरी (यूपी) 20-Oct-2021

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के मिर्जापुर गांव के घाघरा नदी में बुधवार को नाव पलट जाने से 10 लोगों के डूबने की आशंका है। इस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और जिला अधिकारियों को राहत और बचाव के उपाय करने का निर्देश दिये हैं। राज्य आपदा मोचन बल की टीम को तत्काल सेवा में लगाया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह मिर्जापुर गांव के करीब 10 लोग नाव से नदी पार अपने खेतों का भ्रमण करने जा रहे थे। वे पानी में तैर रही लकड़ी को उठाने की कोशिश कर रहे थे, तभी नाव अपना संतुलन खो बैठी और पलट गई। इस बीच, सभी वरिष्ठ अधिकारी घाघरा नदी में बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। बता दें बनबसा बैराज से छोड़े गए करीब पांच लाख क्यूसेक पानी ने लखीमपुर खीरी में कहर बरपा रखा है। मंगलवार शाम से ही पलिया और भीरा के बीच मुख्य सड़क पर पानी भर गया है और सड़क पर यातायात बंद कर दिया गया है। पलिया के कई इलाकों में पानी घुस गया है और धौरहरा के 15 गांवों में पानी भर गया है।