5 Dariya News

पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस का पेट्रोलियम मंत्री के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन

5 Dariya News

नई दिल्ली 16-Oct-2021

भारतीय युवा कांग्रेस ने शनिवार को पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के आवास के बाहर बढ़ती मंहगाई, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्ती लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं खाली सिलेंडरों को सर पर लेकर कार्यकर्ता चलते नजर आए। इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि, सरकार का एकमात्र मकसद अब अपना खजाना भरना हो गया है। जन सरोकारों से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। "पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। अब अधिकतर शहरों में डीजल के भाव 100 रुपये के पार हो चुके हैं।" पेट्रोल डीजल पर विरोध जताते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि, आसमान छू रहे पेट्रोल-डीजल के दाम और बेलगाम महंगाई सरकार की पहचान बन चुकी है। जनता की जेब निचोड़ने की हर मुमकिन कोशिश की जा रही है। संकट के इस दौर में सरकारी लूट इस बात पर स्पष्ट मुहर है कि सरकार को जनता के हितों से दूर-दूर तक कोई सरोकार नहीं है।