5 Dariya News

पैरालंपिक (भाला फेंक) : देवेंद्र झांझरिया ने जीता रजत, सुंदर ने जीता कांस्य

5 Dariya News

टोक्यों 30-Aug-2021

भारत के देवेंद्र झांझरिया और सुंदर सिंह गुर्जर ने यहां चल रहे टोक्यो पैरालंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाला फेंक एफ-46 वर्ग में क्रमश: रजत और कांस्य पदक अपने नाम किया। देवेंद्र और सुंदर के पदक जीतने के साथ ही भारत ने इस पैरालंपिक में अब तक सात पदक जीत लिए हैं। दो बार पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता देवेन्द्र ने 64.35 मीटर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। देवेन्द्र का यह स्कोर उनका निजी बेस्ट स्कोर रहा। देवेन्द्र के अलावा सुंदर ने अपने सीजन का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 64.01 का स्कोर कर तीसरा स्थान हासिल किया। इस इवेंट से भारत ने दो पदक अपने नाम किए। श्रीलंका के हेरात मुदी यान सैलाजे ने विश्व रिकार्ड बनाते हुए 67.79 का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता। भारत के एक अन्य पैरा भाला फेंक एथलीट अजीत सिंह इस इवेंट में 56.15 का स्कोर कर आंठवे स्थान पर रहे। भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में अब तक एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं।