5 Dariya News

दो दिनों में चोर गिरोह काबू, 20 तोले सोना, डायमंड व 600 ग्राम चांदी बरामद

चोरी का सामान बरामद करने पर परिवार की ओर से जिला पुलिस का आभार

5 Dariya News

होशियारपुर 14-Aug-2021

बीते 11 अगस्त को दोपहर 12 बजे के करीब हरजिंदर कौर पत्नी स्व. दसोधी राम, अरोड़ा कालोनी कक्कों के घर से चोरी की वारदात को जिला पुलिस ने दो दिनों में हल करते हुए चोर गिरोह के 5 सदस्यों  को गिरफ्तार कर उनसे 15 लाख रुपए की कीमत का 20 तोला सोना, डायमंड व 600 ग्राम चांदी बरामद की है। वारदात के समय हरजिंदर कौर अपनी लड़की के साथ वैक्सीन लगवाने नहर कालोनी गए हुए थे।स्थानीय पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एस.एस.पी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि पीडि़त परिवार ने गहने व नकदी अपनी बेटी की शादी के लिए घर रखी थे जो कि चोर गिरोह की ओर से 11 अगस्त को चोरी कर लिए गए, जिस पर परिवार को बड़ा झटका लगा। उन्होंने बताया कि वारदात को पूरी गंभीरता से लेते हुए एस.पी(डी) रविंदर पाल सिंह संधू, सी.आई.ए इंचार्ज इंस्पेक्टर शिव कुमार व एस.एच.ओ थाना माडल टाऊन करनैल सिंह पर आधारित स्पैशल टीम बनाई गई। उन्होंने बताया कि टीम की ओर से चौहाल के नजदीक नाकाबंदी के दौरान चोर गिरोह के 4 सदस्यों को काबू किया गया व एक सदस्य को धर्मकोट से गिरफ्तार किया गया।

एस.एस.पी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि कर्मचारियों की पहचान गग्गी निवासी गांव बताला, जिला अमृतसर, काला निवासी लोहगढ़ बस्ती धर्मकोट, जनत पत्नी गग्गी, शक्कू निवासी लोहगढ़ निवासी लोहगढ़ धर्मकोट व आशा पत्नी जगतार सिंह निवासी लोहगढ़ बस्ती के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि उनसे 20 तोले सोना, चांदी व दो मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी स्थानीय नीलकंठ मोहल्ले में किराए पर रहते थे व चोरी की वारदात कर शहर छोड़ कर चले गए थे। आरोपी गग्गी व काला के खिलाफ पहले भी चोरी के 3-3 मामले दर्ज हैं।एस.एस.पी. ने लोगों को अपील की कि ऐसी वारदातों पर नकेल कसने के लिए लोग पूरी तरह से चौकसी अपनाए  व किसी भी तरह की संदिग्ध कार्रवाई  संबंधी तुरंत सूचना पुलिस को दें। उन्होंने गांवों में ठीकरी पहरा लगाने व शहर के मोहल्लों में चौकीदार रखने की जरुरत पर जोर देते हुए कहा कि जब भी कोई व्यक्ति अपने घर से बाहर जाते हैं तो अपने आस-पास वालों व जानकारों को जरुर सूचित करके जाएं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।