कपूरथला पुलिस का अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ अभियान, अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी में 11 गिरफ्तार
पुलिस ने अवैध जुआ सामग्री के साथ 59900 रुपये नकद, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, स्विफ्ट कार बरामद की
5 Dariya News
कपूरथला 22-Jul-2021
शहर में पनप रहे अवैध लॉटरी केंद्रों के खिलाफ एक बड़े अभियान में गुरुवार को जिला पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया और 59900 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक स्विफ्ट कार जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील, मनोज कुमार, जगमोहन, सुखविंदर सिंह, सुखपाल सिंह, बलविंदर सिंह, करमजीत सिंह, कुलविंदर सिंह, मुनीश मेहता, अमन और अमरजीत सिंह के रूप में हुई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरकमलप्रीत सिंह खख ने जानकारी का साँझा करते हुए कहा कि शहर में अवैध लॉटरी/परची/दडा-सट्टा की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए एसपी (जांच) और डिप्टी एसपी (जांच) की निगरानी में छापेमारी की गई है।उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अधिकृत लॉटरी केंद्रों के बहाने संचालित अवैध लॉटरी स्टॉलों पर एक साथ चेकिंग सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमें गठित की गई थी।एसएसपी ने कहा कि टीमों ने सिटी थाना कपूरथला में ज्ञान नाथ डेरा के पास के क्षेत्र में और थाना ढिलवां में मियानी बकरपुर क्षेत्र में लॉटरी केंद्रों पर छापेमारी की और इस अवैध कार्य में लिप्त होने और लोगों को ठगने के आरोप में ग्यारह लोगों को गिरफ्तार किया है।उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों ने 59900 रुपये नकद, मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, स्विफ्ट कार और अन्य जुआ सामग्री को जब्त किया और इस संबंध में पुलिस स्टेशन सिटी कपूरथला और ढिलवां में आईपीसी की धारा 420 और जुआ एक्ट की धारा 13ए-3-67 के तहत विभिन्न मामले दर्ज किए गए है।एसएसपी खख ने बताया कि आरोपी न सिर्फ लोगों को बेवकूफ बना रहे थे बल्कि सरकारी खजाने को भी नुकसान पहुंचा रहे थे.