हिमाचल दिवस पर राज्यपाल ने लहराया तिरंगा
5 दरिया न्यूज
शिमला 15-Apr-2014
राज्यपाल उर्मिला सिंह ने 67वें हिमाचल दिवस के अवसर पर आज शिमला के ऐतिहासिक रिज पर आयोजित समारोह में तिरंगा लहराया और पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी व एनएसएस की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत शानदार मार्च पास्ट की सलामी ली।इस अवसर पर अपने सम्बोधन में राज्यपाल ने कहा कि हम उन सभी विभूतियों के प्रति कृतज्ञ हैं, जिन्होंने हिमाचल प्रदेश के निर्माण और विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।उन्होंने कहा कि अस्तित्व में आने के बाद से ही हिमाचल प्रदेश सभी क्षेत्रों में तीव्र गति से आगे बढ़ा है और आज यह राज्य देश के अन्य पहाड़ी राज्यों के लिए विकास का आदर्श बनकर उभरा है। इसका श्रेय उन लोगों को जाता है, जिन्होंने प्रदेश की खुशहाली और विकास के लिए अनथक प्रयत्न किए।
श्रीमती उर्मिला सिंह ने कहा कि हमें इस विकास पथ पर और आगे बढ़कर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाना है।
राज्यपाल ने हिमाचल दिवस के विशेष अवसर पर प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए उनके खुशहाल जीवन की कामना की।
प्रदेश पुलिस महिला बाइकरों को इस अवसर पर विशेष प्रदर्शन के लिए सराहा गया। इसके अलावा प्रदेश पुलिस की ओर से डॉग शो के साथ-साथ सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।नगर निगम शिमला के महापौर संजय चौहान, उप महापौर टिकेन्द्र पंवर, कार्यवाहक मुख्य सचिव पी. मित्रा, पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री एस.आर. मरड़ी, सचिव सामान्य प्रशासन श्री आर.डी. नज़ीम, उपायुक्त श्री दिनेश मल्होत्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दुल्लर, प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए.डी.एन. वाजपेयी, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और शहर के गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।हिमाचल दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर भी समाराहों का आयोजन किया गया, जिनमें राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ-साथ मार्च पास्ट व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहीं।