5 Dariya News

हिमाचल दिवस पर कुल्लू में जिलाधीश ने फहराया तिरंगा

5 दरिया न्यूज

कुल्लू 15-Apr-2014

67वां हिमाचल दिवस कुल्लू में भी धूमधाम से मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधीश राकेश कंवर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा भव्य परेड की सलामी ली। इस भव्य परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, महिला पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, होमगार्ड्स, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स की टुकड़ियों ने भाग लिया।इस अवसर पर कुल्लू वासियों को हिमाचल दिवस की बधाई देते हुए राकेश कंवर ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के अथक प्रयासों से 15 अप्रैल 1948 को हिमाचल प्रदेश एक अलग पहाड़ी राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। स्थापना के बाद 66 वर्षों के अपने सफर के दौरान हिमाचल प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और आज यह प्रदेश भारत के पहाड़ी राज्यों में अग्रणी राज्य के रूप में जाना जाता है। इस छोटे से प्रदेश ने लगभग हर क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि देश की तीनों सेनाओं, अर्द्धसैनिक बलों और पुलिस बलों में हिमाचल के लाखों जवान अपनी सराहनीय सेवाएं प्रदान करके देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में अहम भूमिका अदा कर रहे हैं।जिलाधीश ने कहा कि लोकसभा के आम चुनाव में सात मई को हिमाचल में मतदान होगा और प्रत्येक प्रदेशवासी को अवश्य अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत के संविधान ने हर नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है, ताकि वह अपने मत के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रणाली को सुदृढ़ कर सके।

इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों, गर्ल्स स्कूल सुल्तानपुर, भारत-भारती स्कूल, कुल्लू वैली स्कूल, लॉ मांटेसरी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र शमशी, चामुंडा नर्सिंग और सूर्या सांस्कृतिक दल बनोगी के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। जिला स्तरीय समारोह के दौरान जिला प्रशासन ने सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान पर रोक के लिए बने कानून को सख्ती से कार्यान्वित करने वाले एसएचओ कुल्लू नील चंद, हैड कांस्टेबल कपिल और नारायण लाल को सम्मानित किया। विदेशी महिला पर्यटक की सहायता तथा उसका खोया पर्स लौटाने वाले ऑटो चालक प्रवीण शर्मा को भी उनकी ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को तथा परेड के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।समारोह में जिला एवं सत्र न्यायधीश पुरेंद्र वैद्य, एसपी डा. विनोद धवन, एडीएम विनय सिंह ठाकुर, एएसपी निहाल चंद, सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट वीएस यादव, भूतपूर्व सैन्य अधिकारी व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।