5 Dariya News

राव नरेन्द्र सिंह लोकसभा आम चुनाव में पंजाब की संगरूर लोकसभा क्षेत्र के लिए पार्टी आब्जर्वर नियुक्ति

5 दरिया न्यूज

संगरूर 14-Apr-2014

कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री राव नरेन्द्र सिंह को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए लोकसभा आम चुनाव में पंजाब की संगरूर लोकसभा क्षेत्र के लिए पार्टी आब्जर्वर नियुक्ति किया है।वरिष्ठ कांग्रेसी नेता तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष श्री मोतीलाल वोहरा के हवाले से जारी पत्र में कहा गया है कि राव नरेन्द्र सिंह एआईसीसी आब्जर्वर के रूप में संगरूर लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान को देखेंगे तथा चुनावी मुद्दों को लेकर रणनीति पर काम करेंगे। वे प्रतिदिन चुनावी मुद्दों एवं रणनीति से संबंधित रिपोर्ट एआईसीसी के इलेक्शन कोआर्डिनेशन रूम को देंगे ताकि भावी रणनीति पर बेहतर ढंग से काम किया जा सके। वे चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक संगरूर लोकसभा क्षेत्र में ही रहेंगे। पंजाब में 30 अप्रैल, 2014 को मतदान होना है। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए राव नरेन्द्र सिंह ने पार्टी हाईकमान का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभायेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी की स्थिति काफी मजबूत है और संगरूर लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार श्री विजय इंदर सिंगला बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे।