कांग्रेस लोक कचहरी में राज्य के सुनहरे भविष्य के लिए दूर-अंदेशी व रचनात्मिक एजैंडा लेकर जाएगी: अरविन्द खन्ना
चुनावी विगुल बजने के साथ ही पंजाब में तानाशाही राज का अंत निश्चित: अरविन्द खन्ना
5 दरिया न्यूज
चंडीगढ 29-Dec-2011
पंजाब प्रदेश कांग्रेस के जनरल सचिव व पूर्व विधायक अरविन्द खन्ना ने आज कहा है कि पंजाब में मतदान कराने के ऐलान के साथ कांग्रेसी वर्करों व पंजाब वासियों में खुशी व जश्न का माहौल बन जाना व सरकारी कर्मचारियों का खुद को मुक्त महसूस करना यह बता रहा है कि अब पंजाब में अकाली-भाजपा की तानाशाही राज का अंत निश्चित है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों के दौरान लोगों व कांग्रेसी वर्करों पर हुए जुल्मों का हिसाब चुकता करने व अकाली-भाजपा की इस भ्रष्ट सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए लोग वोटों वाले दिन की बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे हैं। श्री खन्ना ने कहा कि निर्णायक लड़ाई के लिए पहले से ही कांग्रेसी वर्कर कमर कसे हुए हैं। उन्होंने अकाली-भाजपा की फ्लाप रैलियों का हवाला देते कहा कि लोगों ने पहले ही गठबंधन सरकार से कन्नी काट ली है व अकाली-भाजपा हारी हुई लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के समय गांव स्तर पर कोई विकास दिखाई नहीं दे रहा। कोई भी वर्ग ऐसा नहीं जो अपने हकों के लिए सड़कों पर उतरकर सरकार के विरुद्ध आंदोलन न करता दिखाई दिया हो। उन्होंने कहा कि अपने स्वार्थी हितों के लिए अकाली-भाजपा सरकार द्वारा किसानों की जमीनें छीनकर निजी कंपनियों के हवाले की गई हैं।
उन्होंने कहा कि पिछली कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की सरकार के समय मौसमी फसलें लगातार उठाई जाती रही व किसी भी मंडी में किसानों को अपमानित नहीं होना पड़ा और किसानों को जरूरत के अनुसार बिजली मिलती रही। वहीं अकाली भाजपा के 5 वर्षों के राज के दौरान सभी फसलें पैदा करने वाले किसानों के हिस्से सिवाए मायूसी के कुछ हाथ नहीं लगा। किसानों को मंडियों व खरीद केन्द्रों में धक्के खाने पड़े तथा किसानों की हो रही लूट को रोकने के लिए सरकार ने कोई प्रयास नहीं किया तथा न ही केंद्रीय स्कीमों का लाभ राज्य सरकार किसान को दे सकी। कांग्रेस हैड क्वार्टर से जारी रिपोर्टों का हवाला देते उन्होंने कहा कि आशा के विपरित अग्रिम मतदान के ऐलान के साथ जहां अकाली-भाजपा के चेहरे मुरझा गए हैं व घबराहट फैली हुई है, वहीं कांग्रेसी वर्करों के मन में जोश व उत्साह पैदा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों की कचहरी में राज्य के सुनहरे भविष्य के लिए दूरअंदेशी और रचनात्मिक एजैंडा लेकर जाएगी व अकाली-भाजपा सरकार की लूट तथा भ्रष्टाचार का लेखा-जोखा भी लोगों के सामने रखेगी। उन्होंने वर्करों को अकाली-भाजपा को करारी हार देने का आह्वान देते कहा कि राजनीतिक हवा आज कांग्रेस के पक्ष में है और कांग्रेस की सरकार बननी निश्चित है।