5 Dariya News

हुड्डा बोले:मोदी जी! गुजरात मॉडल लागू किया तो हरियाणा बहुत पीछे चला जाएगा

जनता को बरगलाने व बहकाने की राजनीति ना करे मोदी,महिलाओं की सुरक्षा में हरियाणा अव्वल

5 दरिया न्यूज

फरीदाबाद 04-Apr-2014

मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने नरेन्द्र मोदी पर हमला करते हुए कहा है कि बार-बार गुजरात मॉडल का राग अलापने वाले मोदी यह क्यों नहीं समझ पा रहे हैं कि यदि इस मॉडल को लागू किया तो हरियाणा बहुत पीछे चला जाएगा। मोदी जनता को बरगलाने व बहकाने की राजनीति कर रहे हैं। हुड्डा शुक्रवार को फरीदाबाद, पलवल व मेवात में रथयात्रा के दौरान सभाओं को संबोधित कर रहे थे। अब उन्होंने प्रचार को तेज करते हुए एक दिन में दो लोकसभा क्षेत्रों का दौरा शुरू कर दिया है। फरीदाबाद व गुड़गांव संसदीय क्षेत्र में हुड्डा जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि हमारे पास दो दर्जन से ज्यादा ऐसे अहम फैसले हैं, जिनमें हरियाणा गुजरात से कहीं आगे है। बुढ़ापा, विधवा, विकलांग पैंशन, प्रति व्यक्ति आय, योजनागत बजट, प्रति व्यक्ति निवेश जैसे अनेक फैसलों में हरियाणा गुजरात से बहुत आगे है। यह सब आंकड़ों में है। 

हुड्डा ने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर गुजरात मॉडल लागू हो जाए तो बुढ़ापा पैंशन चार सौ रुपए करनी होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मनरेगा के तहत 236 रुपये दैनिक मजदूरी दी जाती है जबकि गन्ने का भाव 301 रुपये प्रति क्विंटल है जोकि देश में सर्वाधिक है। प्राकृतिक आपदा से फसलें खराब होने पर 10,000 रुपये प्रति एकड़ तक मुआवजा राशि दी जाती है तथा खेतीहर मजदूर की खेत में काम के वक्त मृत्यु होने पर उसकी पत्नी/आश्रित बच्चों को 5 लाख रुपये व निशक्त होने पर 2.50 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाती है जोकि देश में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में वीरता पुरस्कार विजेता सैनिकों को 2 करोड़ रुपये तक पुरस्कार राशि देने का प्रावधान है जोकि देश में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ओलम्पिक पदक विजेताओं को भी पुरस्कार राशि देश में सर्वाधिक दी जाती है। 

हुड्डा ने कहा कि वे बरगलाने की बहकाने की राजनीति नहीं करते। मोदी जनता को सरेआम गुमराह कर रहे हैं। थोथी बातों से लोगों को पेट नहीं भरता, बहुत कुछ करके दिखाना होता है। मोदी खुद को महान बनाने के लिए मेहनत नहीं जनता से मसखरी कर रहे हैं। लच्छेदार भाषणों में जनता आने वाली नहीं है। मोदी को चुटकले रूपी भाषण देने की बजाय जनता को विजन बताना चाहिए जो कांग्रेस करती है। कांगे्रस एक सोच वाली पार्टी है। आज जनता समझदार है। सोच  के बिना काम नहीं चलता। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने पूर्व सैनिकों को वन रैंक-वन पैंशन का लाभ देकर बहुत ही सराहनीय फैसला किया है। हुड्डा ने कहा कि पिछली लगातार दो पारियों में केन्द्र व राज्य सरकार ने विजन पेश कर काम किया। यूपीए सरकार ने अपनी सोच से देश चलाया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरियाणा में सत्ता विरोधी लहर नहीं होने के पीछे यही कारण है कि यहां हर वर्ग का विकास किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान में हरियाणा नंबर-वन है। आंगनवाड़ी वर्करों का मामला हो या फिर महिलाओं से संबंधी अन्य फैसले, बहुत कुछ किया गया है। गुजरात में महिलाओं के लिए यदि कोई ठोस कदम उठाए हैं तो मोदी जनता को बताएं। हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी का सपना देखने वाले मोदी के पास न सोच है ना ही कोई विजन है।