5 Dariya News

फतेहगढ़ साहिब जिला कर रहा 21 जिलों को हर रोज 2930 आक्सीजन सिलेंडरों की सप्लाई

सांसद डा. अमर सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में स. रणदीप सिंह नाभा, स. कुलजीत सिंह नागरा, स. गुरप्रीत सिंह जीपी ने भाग लिया

5 Dariya News

फतेहगढ़ साहिब 07-May-2021

सांसद डा.अमर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिले के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में आज प्रमुख रूप से फतेहगढ़ साहिब से विधायक स. कुलजीत सिंह नागरा, अमलोह से विधायक स. रणदीप सिंह नाभा व बस्सी पठाना से विधायक स. गुरप्रीत सिंह जीपी ने प्रमुख रूप से विचार चर्चा की है। साथ ही कोविड के वर्तमान स्थिति का भी जायजा लिया।‌इसी दौरान डिप्टी कमिश्नर श्रीमती अमृत कौर गिल ने बताया कि जिले के मंडी गोबिंद गढ़ शहर में चल रहे उद्योगों से चिकित्सा में काम आने वाली आक्सीजन के 2930 सिलेंडर हर रोज 21 जिलों में सप्लाई किए जा रहे हैं। इस पर सांसद ने कहा कि 30 से 40 करोड़ रूपए की लागत वाला बड़ा लिक्विड अक्सीजन प्लांट लगाया जा सकता है। इसे बद्दी या पानीपत में लगाए गए प्लांटो की तर्ज पर बनाया जा सकता है।इसके साथ ही सरकारी स्कूलों के गरीब बच्चों की पढ़ाई के लिए किए गए विषेष प्रबंधों पर उन्होने ने कहा कि ऑनलाइन शिक्षा के लिए साधन सभी के पास हो यह संभव नहीं है।इस पर शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि टीवी के माध्यम से भी पढ़ाया जा रहा है। सगे संबंधियों व जानकारों से भी मोबाइल लेकर भी पढ़ाई करवाई जा रही है।

विधायक स रणदीप सिंह नाभा ने सुझाव दिया कि मिड डे मील के लिए बच्चों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाया जाए।जबकि विधायक स. कुलजीत सिंह नागरा ने भूमिगत जलस्तर का मामला उठाते हुए केंद्र के जलस्त्रोत मंत्रालय से विषेष योजना लाने की बात कही, जबकि स. नाभा ने कहा कि जिले के तीनों शहरों मे नए बनने वाले भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य किए जाएं। विधायक स. गुरप्रीत सिंह जीपी ने कहा कि जिले के हिस्से का नहरी पानी व्यर्थ जा रहा है। इसके साथ ही जिले के 428 गांवों को भी सिंचाई का सीधा लाभ मिलेगा। सुए, नाले, खाल आदि पक्के किए जाएं। इसके लिए प्रोजेक्ट बना कर भेजा जाएगा।बैठक में प्रधान मंत्री आवास योजना, भूमि सरंक्षण योजना, समाज भलाई योजनाओं, के अलावा जिले में सेहत सेवाओं, कोरॉना, वेक्सिन की समीक्षा की गई। सिविल सर्जन डॉ. मोहिंदर सिंह ने बताया कि आगामी सप्ताह में सिविल अस्पताल के सभी बेड के पास आक्सीजन की व्यवस्था हो जायेगी।बैठक में नगर पालिका मंडी गोबिंद गढ़ के प्रधान स. हरप्रीत सिंह प्रिंस, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर विकास स. हरदयाल सिंह चट्ठा, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अनुप्रिता कौर जोहल सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।