अच्छी कहानी का आगमन किसी भी इंडस्ट्री से हो सकता है : नवीन पोलिशेट्टी
5 Dariya News
हैदराबाद 25-Apr-2021
अभिनेता नवीन पोलिशेट्टी की नई तेलुगू फिल्म 'जथी रत्नालु' को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने के बाद से काफी अच्छी प्रतिक्रियाएं मिली हैं। आने वाले समय में नवीन की कई योजनाएं हैं। वह कई भाषाओं में फिल्में करने की चाहत रखते हैं। नवीन ने आईएएनएस को बताया, "मैं देशभर के किसी भी हिस्से की फिल्म में काम करना पसंद करूंगा। कहानी चाहे कहीं की भी हो या निर्देशक कोई भी हो। मैं कई भाषाओं में काम करना चाहता हूं।" नवीन साल 2019 में आई सुशांत सिंह अभिनीत फिल्म 'छिछोरे' में 'एसिड' की भूमिका निभाकर बॉलीवुड में अपना डेब्यू कर चुके हैं। इसी साल तेलुगू में आई उनकी फिल्म 'एजेंट साईं श्रीनिवास आत्रेय' को भी दर्शकों ने खूब सराहा था। अभिनेता का कहना है, "'जथी रत्नालु', 'छिछोरे', 'एजेंट' जैसी फिल्मों ने अच्छी कहानियों के लिए मेरे दरवाजे खोल दिए हैं। मुझे अलग—अलग इंडस्ट्री से अच्छी कहानियों के ऑफर्स मिल रहे हैं।" नवीन आगे कहते हैं, "थिएटर में रिलीज होने के बाद 'जथी रत्नालु' को डिजिटली रिलीज किया गया। इसे देशभर के फिल्मकारों और दर्शकों ने देखा। इसके लिए अमेजन का आभारी हूं। चीजें अब काफी ज्यादा ओपन हो गई है। अब अगर आप एक अच्छे कलाकार हैं, तो आप देश की किसी भी फिल्म का हिस्सा बन सकते हैं। दर्शक भी आजकल तरह—तरह के कंटेंट देख रहे हैं। अच्छी कहानियों का आगमन कहीं से भी हो सकता है।"