5 Dariya News

पेयजल समस्या को लेकर किया जल संस्थान कार्यालय पर हंगामा

5 Dariya News

विकासनगर(उत्तराखंड) 08-Apr-2021

हरिपुर क्षेत्र में बनी पेयजल समस्या के खिलाफ उपभोक्ताओं ने जल संस्थान कार्यालय पर हंगामा काटा। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों की अनदेखी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द जलापूर्ति सुचारू न होने पर कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। गुरुवार सुबह कांग्रेस के नगर अध्यक्ष अमित पंवार के नेतृत्व में क्षेत्रीय उपभोक्ता जल संस्थान कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां उपभोक्ताओं को कोई सक्षम अधिकारी मौजूद न मिलने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। उपभोक्ताओं ने हरिपुर क्षेत्र में बनी पेयजल समस्या के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। कांग्रेस नेता अमित पंवार ने कहा कि जल संस्थान के अधिकारियों की अनदेखी के चलते क्षेत्र में पेयजल समस्या बनी हुई है। अधिकारियों की जानकारी के बिना जगह- जगह नए कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जिससे पुरानी लाइन पर लोड बढ़ गया है। कई घरों तक पानी का प्रेशर पहुंच भी नहीं पा रहा है। दो मंजिला पर रहने वाले लोगों को नीचे के हिस्सों से पानी ढोकर ले जाना पड़ रहा है। बताया कि इस सम्बंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। लेकिन, कोई सुनने को तैयार नहीं है। लेकिन, यदि, इस बार भी पेयजल समस्या के समाधान के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई गई, तो उपभोक्ता जल संस्थान कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान उन्होंने मौजूद कर्मचारी के माध्यम से सहायक अभियंता के नाम ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शन में अनिल कुमार, दीपक धीमान, अखिलेश गुप्ता, रोशन लाल, अशोक नेगी, हरिश बिष्ट, रमाकांत त्यागी, निखिल जयसवाल, शिवम त्रिपाठी आदि शामिल रहे।