5 Dariya News

जनता सर्वोपरि है, उनकी समस्याओं को दूर करना सरकार का दायित्व : तीरथ सिंह रावत

नियत समय के भीतर ही होंगे विधान सभा चुनाव

5 Dariya News

देहरादून (उत्तराखंड) 06-Apr-2021

कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बीजापुर हाउस में लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के निर्देश दिये। मंगलवार को मीडिया से रूबरू सीएम तीरथ रावत ने एक सवाल के जवाब में यह बात कही। कहा कि भाजपा सरकार जनता की सेवा कर विकास कार्यों के बूते रिजल्ट देगी। किसी में यह भ्रम न हो कि पहले ही विस चुनाव हो सकते हैं। यह पूछने पर किस विस सीट से चुनाव लड़ेंगे, तीरथ बोले, कि यह तो हाईकमान को ही तय करना है और अभी यह आगे की बात है। पहले तो सल्ट उप चुनाव सामने हैं जिसे भाजपा भारी मतों से जीतने जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सल्ट उप चुनाव में जनता पूरी तरह से भाजपा के साथ है, चूंकि जनता भी जानती है कि विकास कार्य सिर्फ भाजपा ही कर सकती है और कभी छलावा नहीं करती। छलावा तो कांग्रेस पार्टी करती आई है। जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरी तरह से विश्वास है। उत्तराखंड में आजादी के बाद पहली बार रेल लाइन पर काम हुआ है। रामनगर से चौखुटिया तक भी भविष्य में ट्रेन चलेगी, सल्ट को भी इसका फायदा होगा। सरकार इसी दिशा में आगे बढ़ रही है।

कोविड: सीएम तीरथ बोले कि जब पद संभाला था तो तब वास्तव में कोरोना स्थिति काफी हद तक ठीक थी, पर धीरे-धीरे चिंताजनक होने लगी, इसीलिए देश के 12 राज्यों से उत्तराखंड आने वालों के लिए कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। राज्य में लाकडाउन की स्थिति न बढ़े, इसके लिए सरकार सजग होने के साथ ही नियमों का पालन सख्ती से करा रही है।सीएम बुलेट पु्रफ फॉर्च्यूनर के बजाय इनोवा से चलेंगे: सीएम तीरथ सिंह रावत जनता से और नजदीकी बनाने के लिए बुलेट प्रूफ फॉर्च्यूनर के बजाय सार्वजनिक कार्यक्रमों में इनोवा से जाएंगे। फॉर्च्यूनर के बुलेट पु्रफ होने से उसके शीशे नहीं खुल पाते थे, इस वजह से जनता से मिलने में दिक्कतें आती थी जबकि इनोवा में यह दिक्कत नहीं है और सफर के दौरान जनता और कार्यकर्ताओं से सीधे तौर पर आसानी से मिला जा सकता है।लोगों की सुनी समस्याएं: कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सीएम तीरथ ने मंगलवार सुबह बीजापुर हाउस में लोगों से मुलाकात की कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अफसरों से कहा कि जनता सर्वोपरि है, लोगों की समस्याओं को दूर करना सरकार का दायित्व है। कोशिश की जा रही है कि लोगों की शिकायतों और समस्याओं का निराकरण स्थानीय स्तर पर ही हो जाए। वर्चुअल रात्रि चौपाल इसी क्रम में की जा रही हैं। अफसरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि लोगों को अपने काम के लिए अनावश्यक चक्कर न काटने पड़े। जनता और प्रशासन के बीच संवाद कायम किया जा रहा है। जन भावनाओं के अनुरुप प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार कृत संकल्प है। सबका साथ और सबका विकास के ध्येय से विकासपरक योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।