5 Dariya News

ऋषिकेश पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे

भारत का कोविड-19 वैक्सीन अभियान एक महत्त्वपूर्ण मिशन है: चौबे

5 Dariya News

ऋषिकेश (उत्तराखण्ड) 01-Apr-2021

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि भारत का कोविड-19 वैक्सीन अभियान एक महत्त्वपूर्ण मिशन है। यह सिर्फ इसलिए नहीं कि भारत अपनी इतनी बड़ी आबादी का टीकाकरण कर रहा है बल्कि भारत विश्व का सबसे बड़ा वैक्सीन निर्माता होने के कारण विश्व के एक बड़े हिस्से को भी अनेक देशों को वैक्सीन उपलब्ध करा रहा है। हमारे यहां टीकों के विकास और वितरण की व्यवस्था भी बेहतर ढंग से हो रही है, कम समय में लाखों लोगों तक कुशलता से वैक्सीन पहुंच रही है। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ऋषिकेश पहुंचे। उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का भ्रमण करने के पश्चात परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंच स्वामी चिदानन्द सरस्वती से भेंटवार्ता की। स्वामी चिदानंद सरस्वती ने केंद्रीय राज्य मंत्री अश्वनी कुमार चौबे से चर्चा के दौरान कहा कि कोविड- 19 वायरस वर्तमान समय में भारत समेत दुनिया भर में स्वास्थ्य और जीवन के लिये गंभीर चुनौती बनकर खड़ा है। पूरी दुनिया में इस वायरस ने गंभीर असर छोड़ा है। इस वायरस के कारण वैश्वीकरण के इस दौर में आवागमन और संचार व्यवस्था पर भी भारी असर पड़ा है। देश में जनसंख्या घनत्व अत्यधिक होने के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार की प्रतिबद्धता से कोरोना वायरस से काफी हद तक जंग जीतने में सफल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की निगरानी में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए जो कदम उठाए जा रहे हैं वह सराहनीय हैं। इससे पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने एम्स ऋषिकेश में भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान एम्स के निदेशक प्रो. रविकांत ने उन्हें एम्स में उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से अवगत कराया। ऋषिकेश आगमन पर केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री का भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने स्वागत भी किया।