5 Dariya News

सोनिया, राहुल को हराए भाजपा : रामदेव

5 दरिया न्यूज

लखनऊ 29-Mar-2014

योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रायबरेली और अमेठी संसदीय सीट पर तगड़ा उम्मीदवार उतारे ताकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी की पराजय हो जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के दमदार उम्मीदवारों के सामने कांग्रेस ये दोनों सीटें भी हार सकती है। अगर उमा भारती रायबरेली से चुनाव लड़ती हैं तो कांटे की टक्कर होगी। शनिवार को राजधानी लखनऊ में पत्रकारवार्ता के दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि 2014 का लोकसभा चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए है। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि इस चुनाव में अब लखनऊ की निर्णायक भूमिका होगी।

रामदेव ने लखनऊ वासियों से राजनाथ को जिताने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस के प्रति लोगों में काफी गुस्सा सभी जगह देखने को मिल रहा है। अब तो ऐसा लग रहा है कि पूरे देश में कांग्रेस कहीं 50 से 60 सीटों तक न सिमट जाए। बाबा ने कहा कि देश में आजादी की लड़ाई के बाद यह दूसरी लड़ाई है। अब पूरा देश स्पष्ट बहुमत की सरकार चाहता है। मंहगाई, गरीबी, और भ्रष्टाचार के खिलाफ वोटों का जबरदस्त ध्रुवीकरण होगा। उन्होंने कहा पूरे चुनाव में नरेंद्र मोदी की निर्णायक भूमिका होगी। साबिर अली को भाजपा में शामिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में सौ प्रतिशत राष्ट्रवादी व बेदाग छवि वाले व्यक्ति को लिया जाना चाहिए और ऐसे नेताओं को ही पार्टी में रहने का अधिकार है। उन्होंने कहा, "हालांकि यह मेरी व्यक्तिगत राय है।" रामदेव ने कहा कि राजनाथ और मोदी के पीछे राष्ट्र विरोधी ताकतें कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक लगी हुई हैं। पार्टी को राष्ट्र विरोधी ताकतों से बचकर और सचेत रहने की जरूरत है। क्या खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे? इस सवाल पर योगगुरु ने कहा, "मैंने भीष्म की प्रतिज्ञा है कि मैं कभी चुनाव नहीं लड़ूंगा। जीवनर्पयत देश रक्षा और राष्ट्ररक्षा के प्रति लड़ाई लड़ता रहूंगा।"