5 Dariya News

कश्मीर मुठभेड़ में लश्कर के 4 आतंकी ढेर

5 Dariya News

श्रीनगर 22-Mar-2021

पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने सोमवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में चार आतंकवादियों को ढेर कर दिया। इससे पहले उन्हें बार-बार सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन वे नहीं माने। मुठभेड़ की समाप्ति के बाद श्रीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर रेंज, विजय कुमार ने कहा कि आतंकवादियों को आत्मसमर्पण कराने के प्रयास किए गए, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया और सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की, जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई और चारों आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। उन्होंने कहा, "हम फंसे हुए आतंकवादियों के परिवार के सदस्यों को मुठभेड़ स्थल पर ले आए और बार-बार आत्मसमर्पण के प्रस्ताव दिए गए, जो उनके द्वारा ठुकरा दिए गए।" उन्होंने कहा कि मारे गए सभी चार आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के हैं और उनकी पहचान रईद अहमद भट, अमीर सखी मीर, रकीब अहमद मलिक, आफताब वानी के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि सोमवार को चार लश्कर आतंकियों के सफाए साथ ही, इस साल जनवरी से अब तक नौ अलग-अलग मुठभेड़ों में शोपियां जिले में 19 आतंकवादी मारे गए हैं।