आप विधायकों ने कैप्टन के ‘झूठ की गठरी’ उठाकर कैप्टन के 'झूठ एक्सप्रेस' से विधानसभा पहूंचे
प्रशांत किशोर ने ही कैप्टन अमरिंदर से दुनियाभर के झूठे वादे करवाए, इस बजट से पंजाबियों को गायब कर दिया गया : आप
5 Dariya News
चंडीगढ़ 09-Mar-2021
कैप्टन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी के विधायकों ने मंगलवार को कैप्टन अमरिंदर के 'झूठ की गठरी' को पंजाब विधानसभा ले जाने के लिए 'कैप्टन के जूठ एक्सप्रेस' पर फेरा लगाया। आप विधायकों ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर ने झूठे वादे करके पंजाब के लोगों को धोखा दिया और ठगा। उन्होंने कहा कि 2017 में वो बाहरी व्यक्ति प्रशांत किशोर ने पंजाब में आकर कैप्टन अमरिंदर से पंजाब के लोगों से दुनियाभर के झूठे वादे करवाए। उन्होंने लोगों की आकांक्षाओं के साथ खेला और उन्हें झूठी उम्मीदें दी। चार साल बाद फिर वही बाहरी व्यक्ति पंजाब में वापस आ गया है और लोगों की आकांक्षाओं के साथ फिर से खेल रहा है।विधायकों ने कहा,प्रशांत किशोर ने कैप्टन सरकार के आखिरी बजट को 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए झूठ के बंडल में बदल दिया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके प्रमुख सलाहकार लोगों के कल्याण की परवाह नहीं करते हुए उन्हें लॉलीपॉप सौंपने में व्यस्त हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने कैप्टन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की जनता से झूठ बोलने की कैप्टन की आदत इस बजट में भी प्रदर्शित हुई। इस बजट में सार्वजनिक परिवहन सेवा को महिलाओं के लिए मुफ्त किया गया है, लेकिन सच्चाई ये है कि पंजाब में सार्वजनिक बसें ही बहुत कम हैं। इसलिए यह घोषणा एक लॉलीपॉप के अलावा और कुछ नहीं है।चीमा ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि वे पंजाब को 'कुशाल पंजाब' बनाएंगे, लेकिन उन्होंने इसके बदले पंजाब के कर्ज को और बढ़ा दिया। कैप्टन ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने का वादा किया था, लेकिन सरकार ने इस साल शिक्षा के फंड को भी कम कर दिया है। कैप्टन ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार करने का भी वादा किया था, लेकिन इस फंड में भी कमी की है। कैप्टन ने वादा किया था कि वे कृषि ऋणों को माफ कर देंगे, लेकिन इस साल कृषि ऋण माफी के लिए आवंटन राशि में कमी की गई। कैप्टन ने अपने एक भी वादे पूरे नहीं किए, उनके सारे के सारे वादे झूठे निकले।