5 Dariya News

दिल्ली : राखी बनीं आप की लोकसभा प्रत्याशी

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 18-Mar-2014

आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से घोषित अपने प्रत्याशी महेंद्र सिंह का नाम वापस ले लिया और इस सीट से अरविंद केजरीवाल मंत्रिमंडल में मंत्री रहीं राखी बिरला को मैदान में उतारा। आप के एक पदाधिकारी ने बताया कि महेंद्र के आपराधिक मामले में संलिप्त होने की जानकारी मिलने के बाद यह फैसला लिया गया। पार्टी की तरफ से अभी कोई अधिकृत घोषणा नहीं की गई है, लेकिन आप के एक नेता ने आईएएनएस से कहा कि पार्टी को सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी नहीं थी।आप सूत्रों के मुताबिक, महेंद्र सिंह चुनाव मैदान से हटने को तैयार हैं।

सिंह ने आईएएनएस से कहा कि उन्हें पार्टी से कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं पार्टी का सदस्य बना रहूंगा और उसके लिए प्रचार करूंगा।" उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर प्रत्याशी चुनने के लिए पार्टी स्वतंत्र है।पूर्व पत्रकार राखी बिरला दिल्ली में 49 दिनों तक चली अरविंद केजरीवाल सरकार में सबसे कम उम्र की मंत्री के रूप में चर्चित हुईं। उनकी मां एक स्कूल में सफाईकर्मी हैं।