5 Dariya News

सृदृढ़ ग्रामीण अर्थव्यवस्था एक सुदृढ़ राष्ट्र की रीढ़ : सरवीन चौधरी

डोहब तथा क्यारी में विकासात्मक कार्यों पर खर्च किये जा रहे 338 लाख, महिला मंडलों को वितरित किये चेक व मास्क

5 Dariya News

धर्मशाला 18-Jun-2020

शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि सृदृढ़ ग्रामीण अर्थव्यवस्था एक सुदृढ़ राष्ट्र की रीढ़ होती है। प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण आर्थिकी को मजबूत करने तथा ग्रामीणों के जन-जीवन को खुशहाल बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।वे आज वीरवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत क्यारी के झुलाड़ गावं तथा डोहब में सात महिला मंडलों को चेक तथा मास्क वितरित करने के उपरांत बोल रही थीं। इस दौरान सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखा गया था।शहरी विकास मंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा इन संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीणों को विकास में भागीदार बनाने के लिए विशेष प्रयास आरंभ किये गए हैं। मनरेगा तथा आजीविका मिशन के तहत अनेक गतिविधियां आरम्भ की गई हैं। गत अढ़ाई वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में सामााजिक एवं आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे निचले स्तर तक योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा है।शहरी विकास मंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी से आज पूरा विश्व बुरी तरह से प्रभावित है तथा प्रदेश सरकार इस संकट से निकलने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। शहरी लोगों को 120 दिन की गारंटी रोजगार प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री आजीविका योजना शुरू की गई है। महिला सशक्तिकरण और उनकी आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री एक बीघा योजना शुरू की गई है। योजना का उद्देश्य मनरेगा और स्वच्छ भारत मिशन का अभिसरण कर ग्रामीणों को किचन गार्डनिंग के लिए प्रोत्साहित करना है।शहरी विकास मंत्री ने कहा कि उपरला डोहब से निचला डोहब सड़क उन्नयन पर 75 लाख, संधू से कारेला रोड़ पर 71 लाख, डोहब से मुख्य सड़क राजेन्द्र कुमार के घर तक सम्पर्क मार्ग पर 8 लाख, लिंक रोड़ उपरली डोहब से झिकली डोहब पर 8 लाख, मेला ग्रांउड डोहब के सौन्दर्यीकरण पर एक लाख 4 हजार रुपये व्यय किये जा रहे हैं। 

इसके अतिरिक्त डोहब में विभिन्न विकासात्मक कार्यो पर 8 लाख 35 हजार रुपये व्यय किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शाहपुर क्यारी सड़क पर 60 हजार रुपये, हरनेरा मोहड़ चमडेरा छतरी सड़क के कार्य पर पर 1 लाख 88 हजार रुपये, हरिजन बस्ती बरियाल से क्यारी तक सम्पर्क मार्ग पर 1 लाख, सम्पर्क मार्ग हरिजन बस्ती मोहर पर 2 लाख रुपये तथा अन्य विकासात्मक कार्यों पर 5 लाख 42 हजार रुपये व्यय किये गये हैं। उन्होंने बताया कि एचएससी भवन क्यारी के निर्माण पर 38 लाख रुपये व्यय किये जाएंगें जिसके लिए निविदाएं मंगवाई गई हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न सम्पर्क मार्गों तथा सड़कों के निर्माण पर 78 लाख रुपये व्यय किये जा रहे हैं।इस दौरान शहरी विकास मंत्री ने शाहपुर विश्राम गृह में विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले कॉलेज को 21 हजार रुपये, वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों को 15 हजार रुपये तथा हाई स्कूलों को 12 हजार रुपये पारितोषिक वितरण समारोह में मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के चेक तथा लगभग 35 पात्र लोगों को राहत राशि के चेक  वितरित किये।उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि सामाजिक दूरी की अनुपालना सुनिश्चित करें तथा फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर फ्लू कार्नर में ही तुरंत चेकअप करवाएं ताकि किसी भी स्तर पर कोरोना का संक्रमण नहीं फैल सके। उन्होंने सभी लोगों से वायरस के संक्रमण से बचने के लिये बार-बार हाथ धोनें और सैनिटाईजर का प्रयोग करने का आग्रह किया। ऐसी सावधानियों को बरतने से  इस संक्रमण से बचा जा सकता है।इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष प्रीतम चौधरी, शाहपुर की प्रधान अरूणा, डोहब की प्रधान अनीता कुमारी, उप प्रधान सुशील कुमार, क्यारी के उप प्रधान हरवंश, दीपक अवस्थी, राकेश मनु, तिलक राज शर्मा, रवि दत्त, महिला मंडलों की प्रधान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद थे।