5 Dariya News

कश्मीर में कर्फ्यू जारी, श्रीनगर में तनाव

5 दरिया न्यूज

श्रीनगर 16-Mar-2014

जम्मू एवं कश्मीर के बांदीपोरा जिले में रविवार को लगातार दूसरे दिन कर्फ्यू जारी है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की गोलीबारी में एक युवक के मारे जारे के बाद शुरू हुए प्रदर्शन के बाद यहां कर्फ्यू लागू कर दिया गया था।अधिकारियों ने श्रीनगर के पुराने शहर वाले इलाकों में भी प्रतिबंध लगा दिए हैं, जो अलगाववादी गतिविधियों का शहरी ठिकाना रहा है।एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि बांदीपोरा के हाजी, नैदखई, सुंबल और जिले के दूसरे हिस्सों में कर्फ्यू जारी रहेगा। दंगे की आशंका को देखते हुए श्रीनगर के कई हिस्सों में पुलिस और सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है और पैदल यात्रियों सहित वाहनों के आवागम पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। बांदीपोरा जिले के नैदखई इलाके में शुक्रवार को पुलिस गोलीबारी में फरहत अहमद दार नामक युवक मारा गया। घटना के संबंध में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी किए गए हैं।अलगाववादी नेताओं मीरवाइज उमर फारूक और मुहम्मद यासीन मलिक ने युवक की मौत के विरोध में कश्मीर घाटी में रविवार को बंद का आह्वान किया था।