आर्य समाजियों पर लाठीचार्ज के दोषियों पर मामला दर्ज हो : अभय
5 दरिया न्यूज (अरूण मित्तल)
पानीपत 15-Mar-2014
आर्य बाल भारती स्कूल के निदेशक एवं प्रमुख आर्य समाजी आचार्य अभय ने कहा कि 13 मार्च को दयानंद मठ रोहतक के बाहर शांतिपूर्वक ढंग से प्रदर्शन कर रहे हजारों आर्य समाजियों पर पुलिस द्वारा निर्ममतापूर्वक लाठियां चलाना और आंसू गैस के गोले छोड़ने की घटना ने अंग्रेज हकुमत की याद दिला दी हैं। देश व प्रदेश के आर्य समाजी व अन्य लोग इसकी कड़ी निंदा करते हैं। आचार्य अभय आज आर्य बाल भारती स्कूल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने सरकार व रोहतक जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि लाठियां चलाने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए और जो केस आर्य समाजियों पर बनाए गए हैं, उन्हे तुरंत वापिस लिया जाना चाहिए।
अभय ने कहा कि दयानंद मठ से धारा 145 हटायी जाए और रामपाल दास के करौंथा आश्रम में यह धारा लगानी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने ऐसा नहीं किया तो प्रदेश के आर्य समाजी लोकसभा चुनाव में गांव-गांव व शहर-शहर में जाकर कांग्रेस प्रत्याशियों को वोट न देने की अपील करेंगे। अभय ने कहा कि इस लाठीचार्ज में घायल हुए आर्य समाजियों की अभी तक किसी भी सरकार के प्रतिनिधि ने कोई सुध नहीं ली है। इससे सरकार का गैर जिम्मेदाराना रवैया स्पष्ट होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा स्वयं को सबसे बढ़ा आर्य समाजी कहते हैं पर इसी सरकार में कई बार आर्य समाजियों को कुचलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गांव आट्टा के सत्यनारायण व गांव जौराशी के राजपाल को बुरी तरह से पीटा है। उन्होंने कहा कि आचार्य आजाद आर्य सहित कई आर्य समाजी रोहतक के सिविल अस्पताल में भर्ती हैं पर उनकी वहां पर कोई देखरेख नहीं हो रही है। इस अवसर पर गुलाब आर्य, संदीप आर्य, जितेंद्र, सुरजीत कुंडू, सतनारायण आर्य, नायब आर्य आट्टा व सुरेंद्र आर्य आदि भी मौजूद रहे।