5 Dariya News

लोग कर्फ्यू दौरान घरों में रहें, लंगर की कोई कमी नहीं आने देंगे : परमिंदर सिंह पिंकी

कहा, समाज सेवी संस्थाओं की तरफ से चलाई जा रही है कम्युनिटी किचन और गांवों से भी आ रहा है लंगर

5 Dariya News

फिरोजपुर 03-Apr-2020

विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने कर्फ्यू के दौरान लोगों से संयम बरतने, घरों में रहने और सरकार की तरफ से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है ताकि कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जीती जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन की तरफ से लोगों तक जरूरी वस्तुओं की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब व जरूरतमंद लोगों तक लंगर पहुंचाने के लिए शहर में कई जगह कम्युनिटी किचन स्थापित की गई हैं। श्री राम शरणम आश्रम में 3000 लोगों का लंगर बन रहा है। गुरुद्वारा जंजघर कंबोज नगर में 2000 लोगों, चर्च में 1500 लोगों, गुरु रामदास नगर में 2000 लोगों, बीडीपीओ दफ्तर में 1500 लोगों, राधा स्वामी सत्संग घर में 5000 लोगों, बारेके में 5000 लोगों, खालसा गुरुद्वारा में 2000 लोगों, वृद्ध आश्रम में 400 लोगों, बस्ती टेंका वाली गुरुद्वारा साहिब में 300 लोगों का लंगर तैयार हो रहा है। विधायक पिंकी ने कहा कि लंगर की कोई कमी नहीं है। गांवों से भी लंगर तैयार होकर शहर पहुंच रहा है और यह जरूरतमंद व गरीब लोगों के घरों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोग सिर्फ और सिर्फ अपने घरों में रहें और सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करें, लंगर व जरूरी सामान की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।