यह आधिकारिक तथ्य है; पंजाब सरकार के पास सड़क पुन:निर्माण हेतु पैसा नहीं
5 दरिया न्यूज
चंडीगढ़ 12-Sep-2012
यह सच्चाई आधिकारिक तौर पर प्रमाणित है। पंजाब सरकार के पास राज्य की पुरानी व खस्ता हाल सड़कों का पुन:निर्माण करने हेतु पैसा नहीं है। यह खुलासा पंजाब मंडी बोर्ड द्वारा पंजाब कांग्रेस महासचिव व धूरी से विधायक अरविन्द खन्ना को भेजे आधिकारिक पत्र में हुआ है। इस संबंध में जानकारी देते हुए खन्ना ने खुलासा किया है कि उनको पंजाब मंडी बोर्ड के कार्यकारी इंजीनियर (दक्षिणी) से एक आधिकारिक पत्र मिला है। जिसमें बताया गया है कि पंजाब सरकार के पास फंडों की कमी के चलते सड़कों के पुन:निर्माण को लेकर कोई नीति नहीं है।खन्ना के मुताबिक बीती 8 अगस्त को उन्होंने पंजाब मंडी बोर्ड को उनके धूरी विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के पुन:निर्माण को लेकर पत्र लिखा था। जिसके जवाब में एक माह बाद जाकर उनको पंजाब मंडी बोर्ड से पत्र, दक्षिणी/-2863, तिथि 10/09/2012 प्राप्त हुआ।
जिसमें बताया गया कि फंडों की कमी के चलते पंजाब सरकार के पास सड़कों के पुन:निर्माण को लेकर कोई नीति नहीं है। इस संबंध में नई नीति बनने पर सड़कों का निर्माण (धूरी विधानसभा क्षेत्र में) किया जाएगा। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह जवाब हर रोज विकास पर अधिक से अधिक खर्च करने का दावा करने वाली अकाली-भाजपा सरकार के बिल्कुल विपरीत है। जिस सरकार के पास पुरानी सड़कों की रिपेयर व पुन:निर्माण तक के लिए पैसा नहीं है। हम इस सरकार से नई सड़कों के निर्माण व किास की क्या आशा रख सकते हैं? उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार जनविरोधी टैक्सों के सिर पर अपना आस्तित्व बचाए रखने की कोशिश कर रही है, जो सिर्फ थोड़ी देर का सहारा हैं और थोड़ा समय ही असर दिखाएंगे।