5 Dariya News

बसंत पंचमी का त्यौहार मनाने लोगों के बीच पहुंचे विधायक, डीसी और एसएसपी

घरों की छतों पर पहुंचकर पतंग उड़ा रहे लोगों से चाइनीज डोर वापस लेकर इसके बदले देसी डोर की चखड़ियां बांटी, खुद पतंग उड़ाकर मनाया त्यौहार

5 Dariya News

फिरोजपुर 30-Jan-2020

चाइनीज डोर के खिलाफ लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए वीरवार को बसंत पंचमी के अवसर पर विधायक परमिंदर सिंह पिंकी, डिप्टी कमिश्नर चंद्र गैंद और एसएसपी विवेकशील सोनी ने एक अनूठी पहल की। विधायक, डीसी और एसएसपी देसी डोर की चखड़ियां लेकर अपने घरों की छतों पर पतंग उड़ा रहे लोगों के बीच पहुंचे। यहां उनसे चाइनीज डोर वापस लेकर उन्हें देसी डोर की चखड़ियां बांटी और खुद देसी डोर के साथ पतंग उड़ाकर बसंत का त्यौहार मनाया। लोगों को चाइनीज डोर का इस्तेमाल बंद करने का आह्वान भी किया।डीजे की धुन पर नाच गा रहे लोगों के साथ न सिर्फ पतंग उड़ाई ब्लकि उनके साथ बैठकर बसंत पंचमी पर खास तौर बनने वाले पकवानों का भी आनंद लिया। विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने बताया कि फिरोजपुर की बसंत पूरे विश्व में प्रसिद्ध है और हर साल देश-विदेश में रहने वाले पंजाबी बसंत मनाने के लिए खास तौर पर फिरोजपुर आते हैं। उन्होंने कहा कि फिरोजपुर की बसंत पर तो कई गीत भी बने हुए हैं। विधायक परमिंदर सिंह पिंकी, डिप्टी कमिश्नर चंद्र गैंद और एसएसपी विवेकशील सोनी दिनभर फिरोजपुर सिटी और फिरोजपुर कैंट के कई इलाकों में पहुंचे। यहां घरों की छतों पर पहुंचकर उन्होंने पतंग उड़ाई। 

सबसे पहले वह वार्ड नंबर चार में हरि ओम वधावन के निवास पर पहुंचे, इसके बाद अशोक गुप्ता के घर का दौरा किया। यहां से शहर के मानवता पब्लिक सीनियर सैकेंडरी स्कूल पहुंचे और फिर डेरे वाली गली स्थित सोनी जोश के घर पहुंचकर बसंत पंचमी की बधाई दी। इसके बाद फिरोजपुर सिटी और कैंट के कई घरों में जाकर बसंत पंचमी की लोगों को बधाईयां दी। विधायक, डीसी और एसएसपी को अपने बीच देखर आसपास के घरों में छतों पर खड़े लोगों ने उनका तालियों से अभिवादन भी किया। लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई।डिप्टी कमिश्नर चंद्र गैंद ने बताया कि न्यूयॉर्क से खास तौर पर इंदिरा पुरी अपने पति के साथ बसंत का त्यौहार देखने फिरोजपुर आई हैं। इसी तरह कनाडा से दीपक धवन अपने दोस्तों के साथ फिरोजपुर पहुंचे हैं। उन्होंने विदेश से खास तौर पर बसंत देखने आए एनआरआईज के साथ बातचीत भी की। इंदिरा पुरी ने बताया कि वह पहली बार फिरोजपुर की बसंत देखने आई हैं लेकिन यहां उन्हें ये देखकर काफी खुशी मिली है कि विधायक, डीसी और एसएसपी आम लोगों के बीच जाकर पतंग उड़ा रहे हैं और त्यौहार मना रहे हैं। लोगों में विधायक, डीसी व एसएसपी के साथ फोटो खिंचवाने का भारी क्रेज भी दिखा।इस मौके पर व्यापार मंडल प्रधान चंद्र मोहन हांडा, विजय गोरीया, ब्लॉक चेयरमैन बलवीर बाठ, रिंकू ग्रोवर, रिशी शर्मा, प्रिंस भाऊ, बली सिंह उसमानवाला, बंटी बजाज, सरपंच कुलबीर सिंह, बेअंत लाल सिकरी, व्यापार मंडल छावनी के प्रधान रूप नारायण मौजूद थे।