5 Dariya News

अटल डुल्लू ने स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ के युक्तिकरण के निर्देश दिये

5 Dariya News

जम्मू 16-Jan-2020

स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्तीय आयुक्त अटल डुल्लू ने आज स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं के प्रभावी वितरण के लिए स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों के युक्तिकरण के निर्देश दिये।उन्होंने नागरिक सचिवालय में एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए इन निर्देशों को पारित किया। यह बैठक सितंबर, अक्टूबर और नवम्बर 2019 के महीनों के लिए जम्मू व कश्मीर के जिला अस्पतालों (डीएच) और उप जिला अस्पतालों (एसडीएच) में किए गए कार्यों के मूल्यांकन के संबंध में आयोजित की गई थी। वित्तीय आयुक्त ने स्वास्थ्य सेवा, जम्मू व कश्मीर के निदेशकों को चिकित्सा अधिकारियों, कंसलटेंटों और विशेषज्ञों की सेवाओं के बेहतर उपयोग के लिए एक युक्तिकरण अभ्यास शुरू करने के निर्देश दिये।बेहतर स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता बताते हुए वित्तीय आयुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सा अधीक्षकों को भी अपने-अपने स्थानों पर अपने प्रयासों को बढ़ाने के लिए कहा ताकि तृतीयक अस्पतालों में अनावश्यक रेफरल पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे परिधीय क्षेत्रों में कंसलटेंटों और विशेषज्ञों की तैनाती करें और तृतीयक देखभाल सुविधाओं पर अनावश्यक बोझ से बचने के लिए वहां बेहतर सुविधाएं बनाएं।इसके अतिरिक्त वित्तीय आयुक्त ने कहा कि अस्पतालों के प्रदर्शन और कमियों में सुधार के तरीकों को देखने के लिए मूल्यांकन अभ्यास को हर तीन महीने के बाद नियमित रूप से दोहराया जाएगा।निदेशक, न्यू मेडिकल कॉलेज जेएंडके यशपाल शर्मा ने डीएच और एसडीएच में जिला स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के अलावा अस्पताल द्वारा किए गए रेफरल की संख्या दिखाते हुए एक विस्तृत प्रस्तुति दी।बैठक में निदेशक स्वास्थ्य सेवा जम्मू रेणु खजुरिया, निदेशक न्यू मेडिकल कॉलेज जेएंडके यशपाल शर्मा, प्रिंसिपल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, जम्मू सुनंदा रैना, संयुक्त निदेशक (योजना) एच एंड एमई मदन लाल, जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी और चिकित्सा अधीक्षक उपस्थित थे। कश्मीर संभाग के अन्य अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।