5 Dariya News

वित्‍त मंत्री ने वित्तीय क्षेत्र और पूंजी बाजार के प्रतिनिधियों के साथ बजट-पूर्व विचार-विमर्श किया

5 Dariya News

नई दिल्‍ली 16-Dec-2019

केन्‍द्रीय वित्‍त और कॉरपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन ने आगामी आम बजट 2020-21 के संबंध में वित्तीय क्षेत्र और पूंजी बाजार के हितधारकों के साथ आज बजट पूर्व अपना दूसरा विचार-विमर्श किया।बैठक के दौरान जिन प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया, उनमें बैंकों से ऋण लेने में बढ़ोत्तरी, पीजे नायक समिति की सिफारिशों पर विशेष ध्यान देने के साथ पीएसबी में बदलाव, एक बेहतर कामकाजी बॉन्ड बाजारों का निर्माण, आंशिक क्रेडिट गारंटी योजना के लाभ, रियल एस्टेट क्षेत्र में वैकल्पिक निवेश फंड के उपाय शामिल हैं।वित्‍त मंत्री के साथ बैठक में वित्‍त और कॉरपोरेट कार्य राज्‍य मंत्री श्री अनुराग ठाकुर, वित्‍त सचिव श्री राजीव कुमार, आर्थिक कार्य सचिव श्री अतनु चक्रवर्ती, राजस्‍व सचिव श्री अजय भूषण पाण्‍डेय, राजस्व सचिव श्री प्रमोद चंद्र मोदी, सीबीडीटी के अध्‍यक्ष पी. के. दास, सीबीआईसी के चेयरमैन डॉ. के.वी. सुब्रह्मण्यम, सीईए और वित्‍त मंत्रालय के अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारी शामिल हुए।भारतीय बाजारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, वित्तीय क्षेत्र और पूंजी बाजार के प्रतिनिधियों ने बैंकों, पीएसबी गवर्नेंस, पूंजी बाजार से जुडे मुद्दों के खतरों, एनबीएफसी के बीच कामकाज और तनाव को कम करना, वैकल्पिक निवेश कोष, म्यूचुअल फंड्स, वाणिज्यिक पत्र और बॉन्ड सुविधाओं का मानकीकरण,  जीएसटी को कम करके लीज (पट्टा) को बढ़ावा देना, अपनी पैठ बढ़ाने के लिए टर्म इंश्योरेंस पर जीएसटी दरों में कमी और केवाईसी मानदंडों को कारगर बनाकर डिजिटल रूप से सक्रिय उपयोगकर्ताओं को आसान ऋण प्रदान करने के संबंध में अपने विचारों और सुझावों को साझा किया। निजी बैंकों से स्टैंड अप इंडिया योजना को समर्थन बढ़ाने के लिए सुझाव भी प्राप्त किए गए।

बैठक में भाग लेने वालों में बैठक में वित्तीय क्षेत्र और पूंजी बाजार के प्रमुख हितधारकों ने भाग लिया, जिनमें भारतीय रिज़र्व बैंक के डिप्टी गवर्नर श्री एनएस विश्वनाथन, भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन श्री रजनीश कुमार, डब्लूटीएम (एफ) पीएफआरडीए के श्री सुप्रतीम बंदोपध्याय, सेबी की पूर्णकालीक सदस्य माधाबी पुरी बुच, पंजाब नेशनल बैंक के कार्यकारी निदेशक श्री एल.वी. प्रभाकर, एलआईसी के चेयरमैन श्री एम.आर कुमार, कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड के एमडी और सीईओ श्री उदय कोटक, बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यकारी निदेशक श्री एस. एल. जैन, सिटी बैंक के एमडी श्री अशोक स्वरूप, एडलवाइस के सीईओ श्री रशीश साह, मुथुट ग्रुप के वरिष्ठ महाप्रबंधक श्री राकेश दीवान, बंधन बैंक के एमडी और सीईओ श्री शेखर घोष, एसोसिएशन ऑफ म्युचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) के मुख्य कार्यकारी श्री एन.एस. वेंकटेश, मुख्य कार्यकारी, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के सीईओ श्री एन.एस. कन्नन, बैंक बाज़ार के मुख्य व्यवसाय अधिकारी नवीन अशोक कुमार चंदानी, एफआईडीसी के सह-अध्यक्ष श्री रमन अग्रवाल, आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड के ग्रुप हेड ग्लोबल मार्केट्स श्री मन्ना बालचंदर, एचडीएफसी बैंक लिमिटेड के ग्रुप हेड, कॉर्पोरेट बैंकिंग और कन्फर्म बिज़नेस बैंकिंग श्री राहुल शुक्ला, डीआईसीसीआई के चेयरमैन श्री मिलिंद कांबले, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ श्री प्रशांत त्रिपाठी सहित अन्य लोग शामिल हैं।