5 Dariya News

खण्डवा बांधने की प्रतियोगिता में ताऊ सीदत्त शर्मा व समनदीप ने मारी बाजी

‘विरासत’ हेरिटेज विलेज में पगड़ी बांध प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

5 Dariya News (संजीव बंसल)

कुरुक्षेत्र 07-Dec-2019

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा आयोजित अंन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2019 के अवसर पर ‘विरासत’ हेरिटेज विलेज में बुजुर्गों, युवाओं एवं लड़कियों के लिए पगड़ी एवं खण्डवा बांधने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में ताऊ सीदत्त शर्मा को प्रथम स्थान मिला जबकि लड़कियों में एसडी कॉलेज नरवाना की समनदीप ने 8 सेंकड़ में पगड़ी बांधकर रिकार्ड स्थापित किया। यह जानकारी कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने दी। उन्होंने बताया कि विरासत हेरिटेज विलेज में हरियाणा के सबसे लंबे 7 फुट के व्यक्ति जितेन्द्र मोर एवं सबसे छोटे डेढ़ फुट के व्यक्ति पोला मलिक ने भी पगड़ी बांधने की प्रतियोगिता में भाग लिया।इसके साथ ही इस प्रतियोगिता में 30 से अधिक प्रतिभागियों ने पगड़ी बांधने की प्रतियोगिता में भाग लेकर संपूर्ण हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। सभी प्रतिनिधि हरियाणा के अलग-अलग जिलों से पगड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में दूसरा स्थान गुरदयाल ने हासिल किया, जबकि तीसरे स्थान पर ताऊ सूरता रहा। पगड़ी बांधने की प्रतियोगिता में सांत्वना पुरस्कार ताऊ टेका को मिला। छाबड़ा ने बताया कि पगड़ी बंधाई प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर लड़कियों में कीर्ति रही, जबकि तीसरा स्थान तान्या ने हासिल किया। सूरज ने 20 सेंकड़ में पगड़ी बांधकर सांत्वाना पुरस्कार हासिल किया।निर्णायक मंडल के सदस्यों ने डॉ. प्रवीन कादियान, प्रकाश मलिक तथा बाबा धुणिनाथ ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही इस अवसर पर सलीम द्वारा हरियाणवी पगड़ी का गीत विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया। जिस पर पगड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों ने लुत्फ उठाया। विरासत हेरिटेज विलेज में हर रोज इस तरह के आयोजन किये जाते हैं, ताकि हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को युवाओं तक पहुंचाया जा सके। यहां पर हरियाणा का हस्त शिल्प, भजन, रागिनी, सांग, लोकनृत्य, लोकगीत सभी की प्रस्तुति पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है।

विरासत में हरियाणवी फैशन शो का रहेगा विशेष आकर्षण

अंन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2019 के अवसर पर ‘विरासत’ हेरिटेज विलेज में 8 दिसंबर को सांस्कृतिक संध्या में हरियाणवी फैशन शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अनेक प्रतिभागी भाग लेकर हरियाणा के लोक परिधानों को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करेंगे। यह जानकारी कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन ने दी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में युवा, बुजुर्ग, लड़कियां, सभी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में हरियाणवी दामण, चुदंड़ी, कुरता, शॉल तथा मर्दों की वेशभूषा को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य हरियाणवी लोक परिधानों को लोकप्रिय बनाना है।