5 Dariya News

ठाकुर कुंजलाल ट्रस्ट से हजारों लोगों की मदद : गोविंद सिंह ठाकुर

ठाकुर कुंजलाल ट्रस्ट से हजारों लोगों की मदद : गोविंद सिंह ठाकुर

5 Dariya News

कुल्लू 22-Oct-2019

वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री तथा ठाकुर कुंजलाल दामोदरी ठाकुर सेवार्थ ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि पिछले तीन वर्षों के दौरान इस ट्रस्ट के माध्यम से कई जरूरतमंद लोगों की मदद की गई है। इसके अलावा ट्रस्ट ने सैकड़ों स्वयंसेवी संस्थाओं को सहायता प्रदान करने के साथ-साथ 100 से अधिक मेडिकल जांच शिविर आयोजित किए हैं। गोविंद सिंह ठाकुर मंगलवार को ट्रस्ट की ओर से कुल्लू में आयोजित स्वच्छता सेनानियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह समारोह ठाकुर कुंजलाल दामोदरी ठाकुर सेवार्थ ट्रस्ट ने अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों के सम्मान के लिए आयोजित किया।गोविंद सिंह ने बताया कि इस ट्रस्ट का गठन 29 सितंबर 2016 को किया गया था। अब तक इसके माध्यम से 5000 विकलांगों को आवश्यक उपकरण तथा लगभग 1000 महिलाओं को सिलाई मशीन या खड्डियां प्रदान की जा चुकी हैं। वन मंत्री ने बताया कि प्रसिद्ध संस्था हंस फाउंडेशन के सहयोग से ठाकुर कुंजलाल दामोदरी ठाकुर सेवार्थ ट्रस्ट 500 से अधिक कन्याओं की शादी करवा चुका है। 800 से अधिक महिला मंडलों को उनकी जरूरत का सामान तथा इतनी ही संख्या में युवक मंडलों को खेल का सामान ट्रस्ट ने उपलब्ध करवाया है। 300 गरीब या बेसहारा बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के खर्च का जिम्मा भी ट्रस्ट ने उठाया है। गोविंद सिंह ने बताया कि गंभीर बीमारी के शिकार कई गरीब मरीजों के इलाज के लिए भी धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। इनमें से लगभग 15 मरीजों के इलाज पर तो दस-दस लाख से भी अधिक खर्चा आया है। 

पिछले दो वर्षों से ट्रस्ट ने अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं को प्रायोजित करके कुल्लूवासियों को कई स्टार कलाकारों से रूबरू करवाया है। इससे आयोजन समिति को लाखों की बचत हुई है।गोविंद सिंह ने कहा कि इस बार कुल्लू के अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव में सफाई व्यवस्था बहुत अच्छी रही। इसके लिए स्थानीय नगर परिषद, जिला प्रशासन और सभी सफाई कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। उत्सव के दौरान सफाई कर्मचारियों की सराहनीय सेवाओं को देखते हुए ट्रस्ट ने प्रयागराज कुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए सफाई कर्मचारियों के सम्मान की तर्ज पर ही इन स्वच्छता सेनानियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर वन मंत्री ने लगभग 300 स्वच्छता सेनानियों और सफाई व्यवस्था से जुड़े सुपरवाइजरों तथा टीम लीडरों को ट्रस्ट की ओर से उपहार भेंट किए। ट्रस्टी रजनी ठाकुर ने भी स्वच्छता सेनानियों का सम्मान किया।वन मंत्री ने कहा कि मनाली के विंटर कार्निवाल के दौरान कुल्लू, मनाली और भुंतर की सीवरेज व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष दशहरा उत्सव के दौरान सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले स्वच्छता सेनानियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।वन मंत्री ने दशहरा उत्सव में सराहनीय सेवाएं प्रदान करने वाले नेहरू युवा केंद्र के 54 और री-इमेजिन संस्था के 43 वालंटियरों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।सांसद रामस्वरूप शर्मा, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, जिलाधीश डा. ऋचा वर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, नगर परिषद के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत और अन्य पार्षद भी उपस्थित थे।