प्रतिभा सिंह ने किया गाड़ागुशैणी कालेज का शिलान्यास
5 दरिया न्यूज
बंजार 27-Feb-2014
सांसद प्रतिभा सिंह ने वीरवार को कुल्लू जिले के बंजार और मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर गाड़ागुशैणी में राजकीय डिग्री कालेज का शिलान्यास किया। उदघाटन अवसर पर खराब मौसम एवं भारी बर्फबारी के बावजूद उमड़े भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस कालेज के खुलने से दो जिलों की दूरदराज पंचायतों के हजारों विद्यार्थियों को उनके घर के पास ही उच्च शिक्षा की सुविधा मिलेगी।उन्होंने बताया कि इस कालेज के लगभग 17.07 करोड़ रूपये का विस्तृत प्रारूप बनाया गया है, जिसके अंतर्गत आर्ट्स ब्लॉक, साइंस ब्लॉक तथा प्रशासनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस कालेज को एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें सभी आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में ही कई उच्च शिक्षण संस्थान खोल कर प्रदेश के बच्चों को शिक्षा के बेहतरीन अवसर प्रदान किए हैं।सांसद ने कहा कि बंजार व सराज विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर सड़कों से जोड़ा जा रहा है। जिभी-गाड़ागुशैणी सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए नौ करोड़ रूपये, बाहू-बछूट सड़क को 1.62 करोड़, जिभी-सराज सड़क 2.55 करोड़ और खाबल-डिमरचाड़ी सड़क के लिए भी 3.41 करोड़ का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि बंजार विस क्षेत्र में बेहतर पेयजल व सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी कई योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। थाना-दोघरी पेयजल योजना के लिए 2 करोड़, टील-बछूट उठाउ सिंचाई योजना 81 लाख और जिभी-बलागाड़ पेयजल योजना के लिए एक करोड़ का प्रावधान किया गया है। प्रतिभा सिंह ने गांव चाहड़ी के सामुदायिक भवन के लिए अपनी सांसद निधि से दो लाख रूपये देने की भी घोषणा की तथा गाड़ागुशैणी से मंडी के लिए बस सेवा आरंभ करवाने का आश्वासन भी दिया।
सांसद ने कहा कि बंजार विकास खंड में मनरेगा के अंतर्गत चालू वित वर्ष में अभी तक विभिन्न विकास कार्यों के लिए करीब आठ करोड़ की धनराशि खर्च की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत विकास कार्यों के लिए कभी धन की कमी को आड़े आने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से आग्रह किया कि वे सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का भरपूर लाभ उठाएं। इससे न केवल उन्हें रोजगार मिलेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय परिस्थितियों व अपनी सुविधा के अनुसार विकास कार्य करने का भी अवसर मिलता है।
इससे पहले विधायक कर्ण ंिसह ने सांसद का स्वागत करते हुए कहा कि गाड़ागुशैणी में कालेज के शिलान्यास से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। इससे दूरदराज गांवों के बच्चों को काफी सुविधा होगी। इस मौके पर बीडीसी उपाध्यक्ष किशन ठाकुर और सराज जोन कांग्रेस अध्यक्ष टीसी महंत ने भी अपने विचार रखे।इस अवसर पर कुल्लू के उपायुक्त राकेश कंवर, पीसीसी सदस्य राम सिंह मियां, सराज ब्लॉक कांग्रेस के संयोजक तेज सिंह, कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी, पीडब्ल्यूडी के एसई ललित भूषण, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक जगदीश, अन्य विभागों के अधिकारी, पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।