5 Dariya News

विधायक पिंकी ने पौने तीन फुट की हाईट वाली छठी कक्षा की बच्ची को एक दिन के लिए सरकारी स्कूल का बनाया प्रिंसिपल

कहा, स्पेशल बच्चों में आत्मविश्वास और हौंसला पैदा करने के मकसद से उठाया कदम ताकि बच्ची बड़ी होकर स्कूल प्रिंसिपल बनने का अपना सपना पूरा कर सके

5 Dariya News

फिरोजपुर 23-Sep-2019

स्कूल प्रिंसिपल बनने का सपना देखने वाली छठी कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा खुशी का सपना सोमवार को फिरोजपुर शहरी हलके के विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने पूरा कर दिया। महज पौने तीन फुट की हाईट वाली छात्रा खुशी में आत्मविश्वास और अपने लक्ष्य को हासिल करने का हौंसला पैदा करने के लिए सोमवार को उसे सरकारी कन्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल का एक दिन के लिए प्रिंसिपल बनाया गया। खुशी को सोमवार सुबह घर से रिसीव करने के लिए विधायक परमिंदर सिंह पिंकी और स्कूल प्रिंसिपल राजेश मेहता खुद पहुंचे। स्कूल पहुंचने पर बैंड-बाजे के साथ खुशी का स्वागत किया गया और फिर वह प्रिंसिपल रूम में पहुंचकर उनकी कुर्सी पर बैठी।विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने बताया कि कुछ दिन पहले इस स्कूल में स्मार्ट क्लास रूम और लैब का उद्घाटन करने के लिए आए थे, तब उनकी मुलाकात खुशी से हुई। उन्हें पता चला कि बच्ची के पिता नहीं हैं और वह बेहद गरीब परिवार से संबंध रखती है। इसके बाद उन्होंने बच्ची से बातचीत की और वह उसका आत्मविश्वास देखकर आश्चर्यचकित रह गए और बच्ची ने बताया कि वह बड़े होकर इसी स्कूल में प्रिंसिपल बनना चाहती है। इस पर उन्होंने बच्ची की हौंसलावजाई और उसके आत्मविश्वास को और मजबूत करने के लिए उसे एक दिन के लिए स्कूल का प्रिंसिपल बनाने का फैसला लिया, जिसके तहत सोमवार को खुशी को प्रिंसिपल बनाया गया। विधायक परमिंदर सिंह पिंकी की तरफ से खुशी को 51 हजार रुपए की एफडीआर भी करवाकर दी गई है, जिसे वह जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल कर सकती है। उन्होंने कहा कि स्कूल में 1100 बच्चियां पढ़ रही हैं और इससे उनका मनोबल भी ऊंचा होगा। विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने कहा कि स्पेशल बच्चों की खास देखरेख करना और उनका मनोबल ऊंचा रखना हमारा फर्ज है, जिसके तहत यह एक छोटा सा प्रयास किया गया है। इस बीच एक दिन की प्रिंसिपल खुशी के साथ विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने सभी छात्राओं व गणमान्य लोगों के बीच बैठकर लंगर भी छका।प्रिंसीपल बनने के बाद खुशी ने स्कूल का दौरा किया। स्कूल में बनाए गए नए वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का जायजा लिया और वहां मौजूद सभी अतिथियों को नए सिस्टम के बारे में बताया। खुशी ने स्कूल में आरओ सिस्टम और मिड मेड शैड पर छत लगवाने की इच्छा जताई, जिसे विधायक पिंकी ने जल्द ही पूरा करने का भरोसा दिया। विधायक पिंकी ने प्रशासकीय अधिकारियों को जल्द से जल्द ये दोनों कार्य करने के लिए कहा। खुशी को एक दिन के लिए स्कूल प्रिंसिपल बनाए जाने पर उसकी मां रोजी बाला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनकी बेटी का प्रिंसिपल बनने के लक्ष्य के प्रति मनोबल और बढ़ेगा। बच्ची को आशीर्वाद देने के लिए जगराओ स्थित नानकसर कलेरा गुरुद्वारा साहिब से बाबा लक्खा सिंह जी खास तौर पर पहुंचे और इस प्रयास पर खुशी व्यक्त की। इस मौके पर एडीसी रविंदरपाल संधू, एसडीएम अमित गुप्ता, डिप्टी डीईओ कोमल अरोड़ा, नगर काउंसिल ईओ चरणजीत शर्मा, पंचायत समिति मेंबर वृषभान शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद थे।