5 Dariya News

शहीद उधम सिंह चौक से बाबा नामदेव चौक तक 4.50 करोड़ रुपए की लागत से पड़ेगी नई सीवर लाइन, विधायक पिंकी ने रखा नींव-पत्थर

अगले 15 दिन में बस्ती निजामदीनवाली में भी 3.50 करोड़ रुपए की लागत से नई सीवर लाइन का शुरू होगा काम : परमिंदर सिंह पिंकी

5 Dariya News

फिरोजपुर 22-Sep-2019

शहर की प्रमुख सड़क शहीद ऊधम सिंह चौक से बाबा नामदेव चौक तक 4.50 करोड़ रुपए की लागत से नई सीवरेज लाइन डालने के कार्य का नींव-पत्थर रविवार को फिरोजपुर शहरी हलके के विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने रखा। इस नींव-पत्थर के साथ ही इस इलाके में सालों पुरानी नई सीवरेज लाइन डालने की मांग भी पूरी हो गई, जिससे इलाके की करीब 20 से 25 हजार तादाद वाली आबादी को सीधा फायदा पहुंचेगा।नींव-पत्थर रखने के बाद विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने कहा कि यह शहर की मेन सड़क है, जिस पर पिछले कुछ समय से नई सीवरेज लाइन डालने की मांग चल रही थी। इस सीवरेज लाइन के शुरू होने से शहर में सीवरेज और जलभराव की एक बड़ी समस्या हल होगी और लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि 4.50 करोड़ रुपए की लागत से ये प्रोजेक्ट पूरा किया जाएगा, जिसका फायदा इस रोड से सटी दर्जनों कालोनियों व कामर्शियल इलाकों को पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि अगले 15 दिन में बस्ती निजामदीनवाली में भी सीवरेज लाइन डालने के कार्य का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके लिए सरकार ने 3.50 करोड़ रुपए के फंड्स सैंक्शन कर दिए हैं।उन्होंने बताया कि फिरोजपुर शहर की डवलपमेंट में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और सरकार के पास कई प्रोजेक्ट बनाकर भेजे गए हैं। इन प्रोजेक्ट्स को सैंक्शन दिलाकर सरकार से फंड्स जारी करवाए जा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में फिरोजपुर के लिए केंद्रीय सेहत मंत्रालय की तरफ से 500 करोड़ रुपए के पीजीआई प्रोजेक्ट को हरी झंडी दिए जाने को फिरोजपुर शहर के लिए वरदान बताया क्योंकि इससे इलाके के लोगों को टॉप क्लास सेहत सुविधाओं के लिए लुधियाना, जालंधर या चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा। इस मौके पर बलवीर बाठ, सुखविंदर अटारी, लालो हांडा, अशोक गुप्ता, परमिंदर हांडा, गुलशन मोंगा, सतनाम सिंह, बोहड़ सिंह, टीटू मल्होत्रा, राजिंदर छाबड़ा, राजिंदर सिप्पी, रिशी शर्मा, रिंकू ग्रोवर, सुखजिंदर सिंह आरिफके समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।