समाज के कमजोर वर्ग का सशक्तिकरण ही सरकार की प्राथमिकता : बंडारू दत्तात्रेय
5 Dariya News
हैदराबाद 16-Sep-2019
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने आज इंदिरा प्रियदर्शनी आडिटोरियम, हैदराबाद में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के लिए गठित राष्ट्रीय आयोग की कार्यप्रणाली व केन्द्र सरकार की विकासात्मक योजनाओं पर आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि देश की आधी से अधिक आबादी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय की है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों का सशक्तीकरण ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।राज्यपाल ने कहा कि पिछले 4-5 वर्षों के दौरान सरकार द्वारा यह सुनिश्चित करने के लिए कई उपाय किए गए हैं कि समाज के सबसे कमजोर और वंचित वर्ग को उनका अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम को मजबूत किया है और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के लिए अधिक सुरक्षा सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा भी प्रदान किया गया है जो अन्य पिछड़े वर्गों के प्रति सरकार की कमजोर वर्गों के उत्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के पास अब एक सिविल कोर्ट की शक्तियां हैं तथा ओबीसी के लिए आयोग का उप-समूहों में द्विभाजन किया जाना एक सशक्त कदम है। एससी और एसटी के कल्याण के लिए सरकार की वित्तीय प्रतिबद्धता इस तथ्य से प्रमाणित होती है कि वर्ष 2013-14 के दौरान 66,159 करोड़ रुपये के बजटीय आवंटन की तुलना में वर्ष 2019-20 के लिए यह राशि 1.26 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ा दी गई है। दत्ताराय ने कहा कि विधायी उपायों को अन्य तरीकों से नियोजित करने से यह स्पष्ट है कि सरकार सही मायने में हमारे समाज के सबसे कमजोर वर्गों को सशक्त बना रही है।अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय जल संसाधन, ग्रामीण विकास और संसदीय मामलों के मंत्री ने समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।जी.के. रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने समाज के कमजोर वर्ग को प्रदान की जा रही सहायता के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।इससे पहले, अनुसूचित जाति राष्ट्रीय आयोग के सदस्य के. रामुलु ने इस अवसर पर राज्यपाल और मंत्रियों का स्वागत किया।राज्यपाल ने कुरमा संगम द्वारा हैदराबाद के मुस्लिमजुंगपुल में आयोजित समारोह में भी भाग लिया। आॅल इंडिया पाल समाज के अध्यक्ष शैतान सिंह और एमएलसी अध्यक्ष येगी मल्लेशम तथा कुर्मा समाज ने इस अवसर पर राज्यपाल का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया।