5 Dariya News

भाजपा सरकार ने किसी का भला नहीं किया : चौधरी अभय सिंह चौटाला

5 Dariya News

ऐलनाबाद 07-Sep-2019

ऐलनाबाद के विधायक एवं इनेलो के वरिष्ठ नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला ने ऐलनाबाद हलके के एक दर्जन से अधिक गांवों का दौरा किया तथा लोगों की समस्याएं सुनी तथा हालचाल जाना। गांवों में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अभय सिंह का स्वागत किया। ग्रामीणों ने खुद के समक्ष आ रही दिक्कतों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा शासन में कोई विकास नहीं हुआ।इनेलो नेता दड़बा कलां गांव में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह बात सही है कि प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है, गांवों में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। भाजपा ने आज तक किसी का भला नहीं किया है, जबकि इनेलो शासन में गांवों में नहरी खालों को पक्का करवाया गया था। गांवों में बैंकों की शाखाएं खोली गई। खरीद केंद्र बनाए गए लेकिन आज हालात खराब हैं, खाल जर्जर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब से मैं विधायक बना हूं, तब से विधायक कोटे से ग्रांट देकर गांवों में विकास कराया गया है। जरूरतमंदों, गरीब, बीमारों को सहायता राशि के चेक देकर उनकी मदद की है।इनेलो विधायक ने ग्रामीणों से वादा किया कि यदि आप के सहयोग व समर्थन से प्रदेश में फिर से इनेलो की सरकार बनेगी तो गांवों का चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। खालों को फिर से पक्का करवाया जाएगा। गांवों में सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। 

प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर बरसते हुए अभय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने खुद के फायदे के लिए प्रदेश का भाईचारा बिगड़ाने का काम किया है। चाहे बात जाट आरक्षण आंदोलन की हो या डेरा प्रकरण। दोनों ही मामलों में प्रदेश की जनता में बने हुए भाईचारे को खराब करने का पूरा प्रयास हुआ, मगर प्रदेश की समझदार जनता ने भाजपा नेताओं की बातों न आकर अपना भाईचारा बनाए रखा है।प्रदेश में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए अभय सिंह ने कहा कि आज प्रदेश का युवा वर्ग नशों की गिरफ्त में है। खासकर सिरसा-फतेहाबाद जिलों में नशे का धंधा चरम पर है। विधायक ने कहा कि इनेलो कार्यकर्ताओं ने नशों पर अंकुश लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किया है, मगर नशे के सौदागरों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। इसी कारण नशा कम होने की बजाय दिनोंदिन बढ़ रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी प्यार व भाईचारा बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि इनेलो के सत्ता में आने पर चौ. देवीलाल के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश का एक समान विकास कराया जाएगा। उन्होंने आज गांव दड़ब कलां के अलावा माखोसरानी,  शक्करमंदोरी, रूपाणा बिश्रोईयान, रूपाणा जाटान, चाहरवाला, जोगीवाला, रामपुरा, कागदाना, कुम्हारिया, शाहपुरिया व तरकांवाली में भी ग्रामीणों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री भागीराम, विनोद बेनीवाल, धर्मवीर नैन, हरपाल कासनिया, अजय झारेड़, महेंद्र बाना, दिनेश बेनीवाल, हरविंद शास्त्री, जरनैल चांदी, भगवान कोटली, हीरालाल शाहपुरिया सहित अन्य मौजूद थे।