5 Dariya News

सिख किसानों को गुजरात से कोई नहीं निकाल सकता : मोदी

एनडीए सरकार कृषि के लिए अलग से बजट व्यवस्था करेगी : राजनाथ

5 दरिया न्यूज

जगराओं 23-Feb-2014

गुजरात में से सिख किसानों को कोई नहीं निकाल सकता, कच्छ से पंजाब के किसानों को नहीं बल्कि उनको परेशान करने वाले अधिकारियों को निकलना पड़ेगा। यह विचार गुजरात के मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठजोड़ के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार श्री नरेंद्र मोदी ने यहां पर आयोजित फतेह रैली को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। जगराओं की पुरानी शुगर मिल के ख्रचाखच भरे मैदान को देख उत्साहित श्री मोदी ने जहां भ्रष्टाचार, अव्यवस्था, महंगाई को लेकर केंद्र की यूपीए सरकार पर वज्रप्रहार किए वहीं केंद्रीय सत्ता में आने  पर अपनी सरकार के एजेंडे की झलक भी पेश की। प्रधानमंत्री स. मनमोहन सिंह का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि पगड़ी पहना कर पंजाब के लोगों ने उन्हें जो इज्जत दी है वे पगड़ी का मान रखेंगे, चाहे किसी और ने एसा न किया हो। इस अवसर पर पंजाबी फिल्मों की प्रसिद्ध स्टार प्रीती सप्रू ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजनाथ सिंह, पंजाब के मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल व उपमुख्यमंत्री स. सुखबीर सिंह बादल ने किसानों के मसले पर केंद्र सरकार को लताड़ लगाई।

गुरू नानक देव जी की कच्छ यात्रा से लेकर पांच प्यारों में से एक के द्वारिका के संबंधित होने के जरिए पंजाब का गुजरात से संबंध जोड़ते हुए श्री मोदी ने कहा कि किसी समय रेगिस्तान व बंजर भूमि रहा कच्छ का क्षेत्र पंजाब के किसानों के परिश्रम की बदौलत आज हराभरा हुआ है, परंतु कुछ लोग इन किसान सिख परिवारों को लेकर देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का कुप्रचार करने वाले देश की एकता को बहुत बड़ा नुक्सान पहुंचाते हैं। महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की जन्मभूमि पर आयोजित इस रैली को धार देते हुए श्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि लाला जी की 150 वीं जयंती आरही है और कांग्रेस उन्हें भुला चुकी है और केवल एक ही परिवार के गुणगान में लगी है। ए.बी.सी. का अर्थ आदर्श घोटाला, बोफोर्स घोटाला व कोलगेट घोटाला बताते हुए श्री मोदी ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार का पर्यावयवाची बताया। उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात है कि इतने घोटाले करने वाली कांग्रेस सरकार के मंत्री आज दूसरों पर अंगुलियां उठाने लगे हैं। श्री मोदी ने कहा कि चुनाव के एनडीए का अर्थ नैशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठजोड़) है और सरकार बनने के बाद इसका अर्थ नैशनल डिवेल्पमेंट एलांयस (राष्ट्रीय विकास गठजोड़) हो जाता है।

चुनावी एजेंडे की झलक के रूप में श्री मोदी ने कहा कि केवल और केवल देश का विकास ही एनडीए का एजेंडा होगा। उन्होंने कृषि, निर्माण उद्योग व सेवा क्षेत्र को विकास के तीन स्तंभ बताते हुए केंद्र में राजग सरकार का गठन होने पर पर्यटन, कृषि के आधुनिकीकरण व आईटी पर विशेष ध्यान देने की बात कही।इससे पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजनाथ सिंह ने राजग सरकार गठित होने पर रेल की तरह अलग से कृषि बजट बनाने की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया और किसानों की दुर्दशा के लिए कांग्रेस पार्टी को जिम्मेवार ठहराया। उन्होंने केंद्र में एनडीए की सरकार बनने पर कृषि आय बीमा योजना शुरू करने का आश्वासन दिया। पंजाब के मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि आज देश में जो वातावरण बन रहा है वैसा उन्होंने एमरजेंसी के दौरान उस समय देखा था जब लोकमान्य जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में देश कांग्रेस की मनमानियों के खिलाफ उठ खड़ा हुआ था। उस समय हुए चुनाव में इंदिरा गांधी भी चुनाव हार गई थीं और अब कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष श्री राहुल गांधी भी चुनाव नहीं जीत पाएंगे। 

पंजाब के उपाध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि उनका लक्ष्य राज्य का विकास है न कि कांग्रेस पार्टी। इस अवसर पर उन्होंने पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं। सबसे पहले श्री मोदी का स्वागत करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री कमल शर्मा ने केंद्रीय नेतृत्व को आश्वस्त किया कि लोकसभा चुनाव में अकाली-भाजपा गठजोड़ सभी 13 सीटों पर चुनाव जीतेगा। उन्होंने कहा कि फतेह रैली श्री मोदी को दिल्ली फतेह करवाएगी, क्योंकि श्री मोदी जब पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने तो वे उस समय पंजाब में ही पार्टी प्रभारी थे। पहले वे पंजाब से गुजरात जाकर मुख्यमंत्री बने और अब यहां से जा कर दिल्ली में प्रधानमंत्री बनेंगे। इस अवसर पर श्री मोदी द्वारा माय मोदी एप भी लांच किया गया।रैली के दौरान भाजपा के पंजाब मामलों के प्रभारी श्री शांता कुमार, श्री श्याम जाजू, कैबिनेट मंत्री श्री मदन मोहन मित्तल, श्री बलरामजी दास टंडन, श्रीमती लक्ष्मीकांता चावला, सांसद सुखदेव सिंह ढींढसा, कैबिनेट मंत्री श्री बिक्रम सिंह मजीठीया व गठजोड़ के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे। मंच संचालन शिअद के प्रवक्ता डा. दलजीत सिंह चीमा ने किया।