5 Dariya News

जंगलों के संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं शुरू : सरवीन चौधरी

कहा.... वनों को रोजगार और आजीविका का साधन बनाने का किया जा रहा प्रयास

5 Dariya News

धर्मशाला 31-Jul-2019

शहरी विकास, आवास  एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि प्रदेश में उपयोगी पौधों की किस्मों का पौधरोपण करने तथा वनों के प्रबन्धन, संरक्षण एवं विकास में स्थानीय लोगों की भागीदारी को सुदृढ़ करने के लिए ‘‘सामुदायिक वन संवर्धन योजना’’ आरंभ की गई है। योजना का उद्देश्य वनों की गुणवत्ता में सुधार व वन आवरण में वृद्धि करना है। इस योजना के तहत युवक व महिला मंडलों को पौधरोपण के लिए भूखंड आवंटित किए जा रहे हैं। सरवीन चौधरी आज बुधवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के हरनेरा में वन विभाग द्वारा आयोजित पौधरोपण अभियान के अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए बोल रही थीं। इस मौके उन्होंने आंवले का पौधा लगाया। उनके साथ गांव के लोगों और अधिकारियों ने भी औषधीय पौधे रोपित किये।शहरी विकास मंत्री ने कहा कि वनों को रोजगार और आजीविका का साधन बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस वर्ष प्रदेशभर में करीब 25 लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें औषधीय पौधे, चौड़े पत्तियों वाले पौधे तथा फलदार पौधे भी रोपे जाएंगे। उन्होंने बताया कि धर्मशाला वन मण्डल में 1540 हेक्टेयर वन क्षेत्र में 1105731 पौधे लगाए जा रहे हैं, जबकि जनसहभागिता के सहयोग से पिछले पाँच दिनों में 3 लाख 34 हजार पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही प्राप्त किया जा सकता है। इससे वन सम्पदा बढ़ेगी वहीं ग्रामीणों को अपने पशुधन के लिए पर्याप्त चारा भी उपलब्ध होगा। सरवीन ने कहा जंगलों के संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ाने के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं शुरू की हैं। प्रदेेश में वन समृद्धि जन समृद्धि योजना शुरू की गई है, इसके जरिये लोगों को जड़ी बूटी इकट्ठा करने, प्रसंस्करण और विपणन के प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। 

इसी प्रकार स्कूली बच्चों को वन संरक्षण के अभियान से जोड़ने के लिए विद्यार्थी वन मित्र योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत विद्यार्थियों को वनों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें अधिक से अधिक पौधे लगाने के प्रति प्रेरित करना है। योजना के तहत स्कूलों को भी भूखंड आवंटित किए जाएंगे। आवंटित भूखंड में स्कूली बच्चे पौधारोपण कर साल भर उनकी देखभाल भी करेंगे।शहरी विकास मंत्री ने वन विभाग को बागवानी विभाग के साथ मिलकर औषधीय व फलदार पौधे लगाने को भी कहा। उन्होंने कहा कि पेड़ प्रकृति का अनमोल उपहार हैं और पेड़ों के कारण ही हरी-भरी पृथ्वी और हमारा जीवन खुशहाल है। पेड़ एक योद्धा की तरह जन्म से ही हमारे लिए प्रदूषण से लड़ते रहते हैं और हमें स्वच्छ व सुन्दर पर्यावरण देते हैं। उन्होंने लोगों से वन संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंनेे लोगों से आग्रह किया कि वे प्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों में व्यापक स्तर पर सहभागिता करें। प्रत्येक गांववासी अपने आवास व आस-पास की खाली पड़ी भूमि, खेतों की मेढ़ों व अन्य अनपजाऊ भूमि पर अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल करे।इस दौरान उन्होंने पंचायत के अंतर्गत  6.50 लाख से बने गैंग हट धौलपुर का उद्घाटन भी किया ।इस अवसर पर डीएफओ दिनेश ने मुख्यातिथि का स्वागत किया व विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।  उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की सहभागिता से पौधारोपण पर बल दिया गया है। उन्होंने मुख्यातिथि का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि पौधरोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों का संरक्षण तय बनाया जाएगा। स्थानीय  पंचायत प्रधान विजय पाल ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। डीएफओ संजीव शर्मा ने आये हुए मेहमानों का इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया।इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर जगन ठाकुर, प्रदेश भाजपा के सदस्य एडवोकेट दीपक अवस्थी, बीडीओ सोमिल गौतम, अश्वनी शास्त्री, अमरीश परमार, राकेश मनु, प्रीतम चौधरी, आरओ सुरेश,  विभिन्न पंचायतों के प्रधान, विभिन्न विभागों के अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।