5 Dariya News

वॉपकोस ने स्‍वर्ण जयंती मनाई

5 Dariya News

नई दिल्ली 26-Jun-2019

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्‍द्र सिंह शेखावत ने वॉपकोस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि वॉपकोस  एक महत्वपूर्ण संगठन है, जिसने न केवल विकास की गतिविधियों को जोरदार रूप से करने का काम किया है, बल्कि सामाजिक मुद्दों से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए एक बड़ा कदम भी उठाया है। उन्होंने कहा, ‘अवधारणा से लेकर समापन तक’  वॉपकोस  का आदर्श वाक्य है। वॉपकोस को 1969 में भारत सरकार द्वारा सार्वजनिक उपक्रम के रूप में शामिल किया गया था। इसने नई दिल्ली के सिरी फोर्ट में आज अपनी स्‍वर्ण जयंती को भव्य तरीके से मनाया। इस ऐतिहासिक अवसर पर, कंपनी ने एक मूल विषय "वर्जनाएं तोड़ों- जीवन से जुड़ो" पर आधारित स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया। जल शक्ति राज्य मंत्री श्री रतन लाल कटारिया इस समारोह के अतिथि थे। इस अवसर पर वॉपकोस के सीएमडी श्री आर.के.गुप्ता ने कहा कि वॉपकोस  एक अग्रणी प्रौद्योगिकी संचालित परामर्शदाता और ईपीसी संगठन है, जिसमें जल, विद्युत और अवसंरचना क्षेत्र में सशक्‍त वैश्विक उपस्थिति है। वॉपकोस ने एशिया, अफ्रीका, मध्य-पूर्व, दक्षिण अमेरिका और प्रशांत द्वीप को कवर करने वाले देशों में सफलतापूर्वक कार्य पूरा कर लिया है/चल रहा है और वर्तमान में 47 से अधिक देशों में काम कर रहा है। इससे पहले, नई दिल्ली में केंद्रीय जल आयोग में एक कार्यक्रम में, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जलवायु चुनौती और मानसून की अनिश्चितता भारत की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक के रूप में सामने आई है। यहां बाढ़ प्रबंधन पर एक कार्यशाला में उन्‍होंने कहा कि भारत में सूखे और बाढ़ दोनों की चुनौतियों से लड़ने के लिए समग्र दृष्टिकोण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) जल्द ही अपना 75वां स्‍थापना दिवस मनाने जा रहा है। व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए संगठन के अर्जित ज्ञान की समीक्षा की जानी चाहिए और इसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए। श्री शेखावत ने "अंतरिक्ष से मिले विवरण के इस्‍तेमाल से भारत में जल की उपलब्धता का पुनर्मूल्यांकन" शीर्षक से एक पुस्तक का विमोचन भी किया।